पाठ्यक्रम: GS2/शिक्षा से संबंधित मुद्दे
संदर्भ
- यूनेस्को के वर्ष 2026 के ‘लीडिंग फॉर इम्पैक्ट’ ढाँचे तथा कौटिल्य के अर्थशास्त्र पर पुनः आरंभ हुई चर्चाओं ने शासन-व्यवस्था की एक स्थायी समस्या को उजागर किया है, अर्थात् महत्त्वाकांक्षी शिक्षा नीतियाँ प्रायः उनके प्रभावी क्रियान्वयन के स्तर पर विफल हो जाती हैं।
भारत में शैक्षिक नीति
- शैक्षिक नीति समानतापूर्ण पहुँच, गुणवत्तापूर्ण अधिगम, संस्थागत जवाबदेही तथा समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए एक रूपरेखा प्रदान करती है।
- हालाँकि, प्रभावी शिक्षा के लिए केवल नई नीतियों का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके कक्षा स्तर पर सफल क्रियान्वयन की भी आवश्यकता होती है।
- भारत ने शिक्षा के क्षेत्र में कई प्रमुख सुधारात्मक पहलें की हैं:
- राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP), 2020: इसमें 5+3+3+4 की पाठ्यचर्या संरचना प्रस्तुत की गई है, जिसमें बुनियादी अधिगम, बहुभाषिकता, अनुभवात्मक शिक्षा तथा दक्षता-आधारित मूल्यांकन पर विशेष बल दिया गया है।
- राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (स्कूली शिक्षा), 2023 (NCF-SE): यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के अनुरूप पाठ्यचर्या एवं शिक्षणशास्त्रीय मार्गदर्शन प्रदान करती है।
- निपुण भारत मिशन : इसका उद्देश्य वर्ष 2026–27 तक कक्षा 3 के अंत में बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता सुनिश्चित करना है।
- समग्र शिक्षा : यह अवसंरचना विकास, शिक्षक प्रशिक्षण, समावेशन तथा अधिगम परिणामों में सुधार के माध्यम से स्कूली शिक्षा को प्रोत्साहित करती है।
- इन पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, विद्यालय नेतृत्व तथा शिक्षकों के मध्य प्रभावी समन्वय आवश्यक है।
शैक्षिक नीतियों के क्रियान्वयन में चुनौतियाँ क्यों बनी हुई हैं?
- प्रशासनिक विखंडन : मंत्रालयों से लेकर जिला शिक्षा कार्यालयों एवं विद्यालयों तक अनेक प्राधिकरणों की उपस्थिति के कारण उत्तरदायित्वों का अतिव्यापन तथा समन्वय का अभाव उत्पन्न हो सकता है।
- क्षेत्रीय असमानताएँ : सामाजिक-आर्थिक विषमताएँ, भौगोलिक बाधाएँ तथा भाषाई विविधता शिक्षा नीतियों के एकसमान क्रियान्वयन को कठिन बनाती हैं।
- अपर्याप्त संस्थागत क्षमता : UDISE+ 2025–26 के अनुसार, भारत में लगभग 1.01 लाख एकल-शिक्षक विद्यालय हैं, जो शिक्षकों की तैनाती से संबंधित निरंतर बनी हुई चुनौतियों को दर्शाते हैं।
- डिजिटल विभाजन : प्रगति के बावजूद, वर्ष 2025–26 में केवल 67.4% विद्यालयों में इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध थी, जिससे प्रौद्योगिकी-आधारित शैक्षिक सुधारों का विस्तार सीमित होता है।
- अनुपालन-उन्मुख प्रशासन : अत्यधिक रिपोर्टिंग तथा प्रभावी प्रतिपुष्टि के अभाव के कारण प्रशासन का ध्यान वास्तविक अधिगम परिणामों के बजाय प्रशासनिक औपचारिकताओं की पूर्ति पर केंद्रित हो सकता है।
यूनेस्को के चार प्रेरक कारक एवं कौटिल्य के शासन संबंधी सिद्धांत
- यूनेस्को के अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक नियोजन संस्थान ने वर्ष 2026 में ‘लीडिंग फॉर इम्पैक्ट’ रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके चार परस्पर संबद्ध प्रेरक कारक नीतियों के क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान प्रदान करते हैं।
- संदर्भानुकूल अनुकूलन: यूनेस्को का मानना है कि शैक्षिक सुधारों को स्थानीय संसाधनों, संस्थागत परिस्थितियों तथा समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप होना चाहिए।
- इसी प्रकार, कौटिल्य ने प्रभावी निर्णय-निर्माण के आधार के रूप में परिस्थितियों की समुचित समझ तथा अन्वीक्षिकी अर्थात् आलोचनात्मक अन्वेषण एवं तार्किक चिंतन पर बल दिया था।
- जनजातीय, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में समान क्रियान्वयन रणनीति अपनाने के बजाय स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों, भाषाई सहयोग तथा संसाधनों के आवंटन की आवश्यकता है।
- स्वामित्व एवं सहभागिता: यूनेस्को हितधारकों की भागीदारी, साझा उद्देश्यों तथा स्पष्ट उत्तरदायित्वों पर बल देता है।
- कौटिल्य ने भी शासन में अमात्यों अर्थात् मंत्रियों एवं प्रशासकों के साथ परामर्श, समन्वय तथा जवाबदेही को महत्त्व प्रदान किया था।
- निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों, विद्यालय प्रमुखों, अभिभावकों तथा समुदायों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। विद्यालय प्रबंधन समितियाँ स्थानीय स्वामित्व एवं जवाबदेही को सुदृढ़ कर सकती हैं।
- हालाँकि, कौटिल्य की राजतंत्रात्मक शासन व्यवस्था को यथावत् लागू करने के बजाय समकालीन लोकतांत्रिक सिद्धांतों के अनुरूप अनुकूलित किया जाना चाहिए।
- संस्थागत क्षमता: यूनेस्को नीतियों को सार्थक कार्यों में परिवर्तित करने के लिए संस्थागत दक्षता को अनिवार्य मानता है।
- कौटिल्य ने भी लोक अधिकारियों की बौद्धिक क्षमता, सत्यनिष्ठा, प्रशिक्षण तथा प्रशासनिक दक्षता पर बल दिया था।
- पाठ्यचर्या संबंधी सुधारों के सफल क्रियान्वयन के लिए समुचित रूप से प्रशिक्षित शिक्षकों तथा सक्षम विद्यालय प्रशासकों की आवश्यकता होती है।
- निष्ठा (NISHTHA) जैसे कार्यक्रम तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIETs) का सुदृढ़ीकरण निरंतर व्यावसायिक विकास को प्रोत्साहित कर सकते हैं।
- पर्याप्त संस्थागत क्षमता के अभाव में सुविचारित सुधार भी केवल प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं तक सीमित रह जाने का जोखिम रखते हैं।
- निगरानी, मूल्यांकन एवं अधिगम (MEL): यूनेस्को समयबद्ध सूचना, कार्यनिष्पादन के आकलन तथा संस्थागत स्तर पर निरंतर अधिगम पर बल देता है।
- इसी प्रकार, कौटिल्य ने विश्वसनीय सूचना, पर्यवेक्षण तथा सुधारात्मक कार्रवाई के महत्त्व को स्वीकार किया था।
- UDISE+ के माध्यम से विद्यालयी अवसंरचना, नामांकन तथा शिक्षकों से संबंधित जानकारी उपलब्ध होती है, जबकि परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 के अंतर्गत कक्षा 3, 6 एवं 9 के विद्यार्थियों की दक्षताओं का आकलन किया गया।
- इस प्रकार प्राप्त साक्ष्यों का उपयोग लक्षित हस्तक्षेपों एवं सुधारात्मक उपायों के निर्धारण में किया जाना चाहिए, न कि केवल रिपोर्टिंग संबंधी औपचारिकताओं की पूर्ति के लिए।
आगे की राह: भारत में शैक्षिक शासन का सुदृढ़ीकरण
- भारत को निम्नलिखित उपायों के माध्यम से क्रियान्वयन-उन्मुख दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है:
- विकेंद्रीकरण का सुदृढ़ीकरण: राज्यों, जिलों तथा विद्यालयों को स्थानीय शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप निर्णय लेने एवं कार्यान्वयन के लिए अधिक लचीलापन प्रदान किया जाना चाहिए।
- संस्थागत क्षमता का निर्माण : शिक्षक प्रशिक्षण, विद्यालय नेतृत्व, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIETs) तथा मध्यवर्ती स्तर के शैक्षिक प्रशासन में निवेश किया जाना चाहिए।
- सहभागितापूर्ण शासन को प्रोत्साहन : विद्यालय प्रबंधन समितियों तथा सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ किया जाना चाहिए।
- साक्ष्य-आधारित जवाबदेही सुनिश्चित करना: अधिगम आकलन एवं डिजिटल निगरानी का उपयोग कमियों की पहचान करने तथा सुधारात्मक कार्रवाई शुरू करने के लिए किया जाना चाहिए।
- आलोचनात्मक अन्वेषण को प्रोत्साहित करना : ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन द्वारा रेखांकित दृष्टिकोण के अनुरूप, अन्वीक्षिकी से प्रेरित तार्किक चिंतन, नैतिक निर्णय-निर्माण तथा अंतर्विषयक अधिगम को शैक्षिक व्यवहार में समाहित किया जाना चाहिए।
निष्कर्ष
- यूनेस्को की समकालीन रूपरेखा तथा कौटिल्य के प्रशासनिक विचार यह प्रदर्शित करते हैं कि शैक्षिक परिवर्तन केवल नीतिगत महत्त्वाकांक्षाओं पर नहीं, बल्कि संस्थागत प्रभावशीलता पर निर्भर करता है।
- स्थानीय स्वामित्व, प्रशासनिक दक्षता तथा निरंतर अधिगम को सुदृढ़ बनाना राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के उद्देश्यों एवं सतत विकास लक्ष्य-4 (SDG 4) अर्थात् समावेशी एवं समानतापूर्ण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की प्राप्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है।
| दैनिक मुख्य परीक्षा अभ्यास प्रश्न [प्रश्न] भारत में शैक्षिक नीतियों के क्रियान्वयन में विद्यमान प्रमुख चुनौतियों का परीक्षण कीजिए तथा नीतिगत उद्देश्यों और कक्षा-कक्ष में प्राप्त अधिगम परिणामों के मध्य विद्यमान अंतराल को कम करने हेतु उपाय सुझाइए। |
स्रोत: ORF