संक्षिप्त समाचार 08-07-2026

प्रम्बानन मंदिर परिसर

पाठ्यक्रम: जीएस-1/ इतिहास एवं संस्कृति

सन्दर्भ

  • प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया के योग्याकार्ता में स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल प्रम्बानन मंदिर परिसर का भ्रमण किया।

प्रम्बानन मंदिर परिसर का परिचय

  • प्रम्बानन, इंडोनेशिया का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है, जो मुख्य रूप से भगवान शिव को समर्पित है।
  • इसका निर्माण 10वीं शताब्दी ईस्वी में जावा के माताराम साम्राज्य के शासनकाल के दौरान किया गया था।
  • यह मंदिर परिसर जावा द्वीप पर योग्याकार्ता और मध्य जावा की सीमा पर स्थित है।

स्थापत्य विशेषताएँ

  • यह मंदिर परिसर तीन संकेन्द्रित वर्गाकार (Concentric Square) योजना पर आधारित है, जो हिंदू ब्रह्मांडीय अवधारणा (Cosmology) का प्रतिनिधित्व करती है।
  • इसके केंद्रीय भाग में हिंदू त्रिमूर्ति—शिव, विष्णु और ब्रह्मा—को समर्पित ऊँचे-ऊँचे मंदिर स्थित हैं।
  • मंदिरों की दीवारों पर रामायण के प्रसंगों को दर्शाने वाली विस्तृत उत्कीर्ण उभरी हुई शिल्पाकृतियाँ (Bas-relief Carvings) अंकित हैं, जो दक्षिण-पूर्व एशिया में भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रसार को प्रतिबिंबित करती हैं।

स्रोत: TH, UNESCO

आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ECLGS) 5.0 

पाठ्यक्रम: जीएस-2/ सरकारी पहल

सन्दर्भ 

  • आपातकालीन ऋण गारंटी योजना (ECLGS) 5.0 के अंतर्गत 4.11 लाख से अधिक सरकारी गारंटी वाले ऋण प्रदान किए गए हैं तथा कुल गारंटीकृत राशि 1.55 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है, जिससे पात्र क्षेत्रों को ऋण उपलब्ध कराने में सहायता मिली है।

ECLGS 5.0 का परिचय

  • ECLGS 5.0 आपातकालीन ऋण गारंटी योजना का नवीनतम संस्करण है, जिसे मूल रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान प्रारंभ किया गया था।
  • इस योजना का उद्देश्य अस्थायी वित्तीय कठिनाइयों का सामना कर रहे व्यवसायों को अतिरिक्त कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराना है।
  • वर्ष 2026 में प्रारंभ की गई यह योजना, पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न व्यवधानों के कारण सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) तथा विमानन क्षेत्र की वित्तीय कठिनाइयों को दूर करने के लिए लाई गई है।
  • इसके अंतर्गत पात्र उधारकर्ता अपनी वर्तमान कार्यशील पूंजी सीमा के 20% तक अतिरिक्त ऋण प्राप्त कर सकते हैं।
  • इस योजना के अंतर्गत कुल 2,55,000 करोड़ रुपये की ऋण सहायता का प्रावधान है, जिसमें विमानन क्षेत्र के लिए 5,000 करोड़ रुपये शामिल हैं।

ऋण गारंटी संरचना

गारंटी कवरेज:

  • MSMEs के लिए बैंकों द्वारा दिए गए अतिरिक्त ऋण पर सरकार 100% गारंटी प्रदान करती है।
  • गैर-एमएसएमई उधारकर्ताओं तथा विमानन क्षेत्र के लिए 90% गारंटी उपलब्ध कराई जाती है।
  • यह गारंटी नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड (NCGTC) के माध्यम से प्रदान की जाती है।

ऋण की अवधि:

  • एमएसएमई(MSMEs)/गैर-एमएसएमई (विमानन क्षेत्र को छोड़कर): प्रथम ऋण वितरण की तिथि से 5 वर्ष, जिसमें 1 वर्ष की अधिस्थगन (Moratorium) अवधि शामिल है।
  • विमानन क्षेत्र: प्रथम ऋण वितरण की तिथि से 7 वर्ष, जिसमें 2 वर्ष की अधिस्थगन अवधि शामिल है।

गारंटी की अवधि:

  • गारंटी की अधिकतम अवधि ऋण की अवधि के समान (Co-terminus) होगी।

Source: PIB

एकीकृत जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस (UDISE+) 2025-26 रिपोर्ट

पाठ्यक्रम: GS2/ शासन

सन्दर्भ

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने एकीकृत जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस (UDISE+) 2025-26 पर आधारित भारत में विद्यालयी शिक्षा संबंधी रिपोर्ट जारी की।

प्रमुख विशेषताएँ

  • शिक्षकों की संख्या: वर्ष 2022-23 की तुलना में रिपोर्टिंग वर्ष में शिक्षकों की संख्या में 8.3% की वृद्धि दर्ज की गई।

विद्यार्थी-शिक्षक अनुपात (PTR):

  • आधारभूत स्तर – 10
  • प्रारंभिक स्तर – 12
  • मध्य स्तर – 17
  • माध्यमिक स्तर – 21
  • यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) द्वारा अनुशंसित 30:1 के अनुपात की तुलना में उल्लेखनीय सुधार है।

विद्यालय छोड़ने की दर (Dropout Rate):

  • प्रारंभिक स्तर पर यह 2024-25 के 2.3% से घटकर 2025-26 में 1.8% हो गई।
  • माध्यमिक स्तर पर यह 8.2% से घटकर 7% रह गई।

प्रतिधारण दर (Retention Rate):

  • मध्य स्तर पर 82.8% (2024-25) से बढ़कर 83.7% (2025-26) हो गई।
  • माध्यमिक स्तर पर 47.2% से बढ़कर 51.9% हो गई।

सकल नामांकन अनुपात (GER):

  • माध्यमिक स्तर पर 68.5% (2024-25) से बढ़कर 71.7% (2025-26) हो गया।

महिलाओं का बढ़ता प्रतिनिधित्व:

  • महिला शिक्षकों की भागीदारी बढ़कर कुल शिक्षण कार्यबल का 54.9% हो गई है।
  • विद्यालयों में छात्राओं का नामांकन भी बढ़कर 2025-26 में 48.4% हो गया है।

अवसंरचना विकास:

  • 95.0% विद्यालयों में बिजली उपलब्ध है।
  • 98.5% विद्यालयों में छात्राओं के लिए शौचालय हैं।
  • 97.2% विद्यालयों में छात्रों के लिए शौचालय उपलब्ध हैं।
  • कंप्यूटर सुविधा वाले विद्यालयों की संख्या 2024-25 के 64.7% से बढ़कर 2025-26 में 69.9% हो गई है।

स्रोत: PIB

राष्ट्रीय शैक्षणिक निक्षेपागार  (Depository) 

पाठ्यक्रम: GS2/ शिक्षा

सन्दर्भ

  • सरकार ने वर्ष 2017 में राष्ट्रीय शैक्षणिक निक्षेपागार (National Academic Depository-NAD) की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य शैक्षणिक उपाधियों का डिजिटल भंडारण, सत्यापन, प्रमाणीकरण तथा निर्गमन करना है।

परिचय

  • शिक्षा मंत्रालय NAD का प्रमुख मंत्रालय है।
  • मंत्रालय ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) को डिजीलॉकर (DigiLocker) के माध्यम से NAD के क्रियान्वयन के लिए नोडल एजेंसी नियुक्त किया है।
  • स्वचालित स्थायी शैक्षणिक खाता रजिस्ट्री (APAAR) तथा एकेडमिक बैंक क्रेडिट (ABC) विद्यार्थियों के शैक्षणिक क्रेडिट का प्रबंधन करते हैं तथा शैक्षणिक गतिशीलता को सुगम बनाते हैं।
  • NAD में केंद्रीय विश्वविद्यालय, राज्य विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय, डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालय, CBSE एवं अन्य विद्यालयी शिक्षा बोर्ड, राष्ट्रीय महत्त्व के संस्थान तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थान पंजीकृत होते हैं।

NAD की कार्यप्रणाली

शैक्षणिक उपाधि का निर्माण:

  • विद्यालय, विश्वविद्यालय, शिक्षा बोर्ड तथा अन्य अधिकृत संस्थान पाठ्यक्रम या परीक्षा पूर्ण होने के बाद डिग्री, डिप्लोमा, प्रमाण-पत्र एवं अंकपत्र जैसी शैक्षणिक उपाधियाँ जारी करते हैं।

डिजीलॉकर/NAD पर डिजिटल अपलोड:

  • संस्थान इन सत्यापित शैक्षणिक अभिलेखों को सुरक्षित रूप से डिजीलॉकर मंच के माध्यम से राष्ट्रीय शैक्षणिक निक्षेपागार (NAD) में अपलोड या जारी करते हैं।

विद्यार्थियों की डिजीलॉकर के माध्यम से पहुँच:

  • जारी होने के बाद ये डिजिटल शैक्षणिक दस्तावेज़ स्वतः विद्यार्थी के डिजीलॉकर खाते से जुड़ जाते हैं, जहाँ से वे उन्हें किसी भी समय सुरक्षित रूप से प्राप्त कर सकते हैं।

महत्व

स्रोत: PIB

कामराजार बंदरगाह

पाठ्यक्रम: GS3/ अवसंरचना

सन्दर्भ

  • कामराजर बंदरगाह ने कैपिटल ड्रेजिंग चरण-VI परियोजना के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के बाद 18 मीटर ड्राफ्ट क्षमता प्राप्त कर ली है। इस उपलब्धि को हासिल करने वाला यह विशाखापत्तनम बंदरगाह के बाद भारत का दूसरा प्रमुख बंदरगाह बन गया है।
  • ड्राफ्ट क्षमता (Draft Capability) से आशय उस अधिकतम जल गहराई से है, जो किसी बंदरगाह पर जहाजों के सुरक्षित आवागमन तथा ठहराव (Berthing) के लिए उपलब्ध होती है।

कामराजर बंदरगाह का परिचय

  • पहले इसे एन्नोर बंदरगाह के नाम से जाना जाता था। यह तमिलनाडु के पूर्वी तट पर चेन्नई से लगभग 24 किलोमीटर उत्तर में स्थित है।
  • वर्ष 1999 में इसे भारतीय बंदरगाह अधिनियम, 1908 के अंतर्गत प्रमुख बंदरगाह (Major Port) घोषित किया गया।
  • 440 करोड़ रुपये की कैपिटल ड्रेजिंग चरण-VI परियोजना के अंतर्गत नौवहन मार्गों तथा बर्थों को अधिक गहरा बनाया गया, जिससे यह बंदरगाह केप अनुरूप (Cape Compliant) बन गया।
  • अब यह बंदरगाह 1,70,000 डेडवेट टनेज (DWT) तक भार वाले पूर्णतः लदे हुए केपसाइज़ (Capesize) जहाजों को संभाल सकता है।

अतिरिक्त जानकारी

  • वर्तमान में भारत में 14 प्रमुख बंदरगाह तथा लगभग 200 गैर-प्रमुख बंदरगाह हैं।
  • वधावन बंदरगाह (ग्रीनफील्ड बंदरगाह, महाराष्ट्र) तथा गलाथिया बे बंदरगाह (अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह) को प्रमुख बंदरगाह के रूप में अधिसूचित किया जा चुका है, किंतु वे अभी संचालन में नहीं हैं।
  • प्रमुख बंदरगाह: इनका पूर्ण स्वामित्व एवं प्रबंधन केंद्र सरकार के अधीन होता है।
  • गैर-प्रमुख बंदरगाह: इनका प्रबंधन संबंधित राज्य समुद्री बोर्ड अथवा राज्य सरकारों द्वारा किया जाता है।
  • भारत के कुल व्यापार का लगभग 95% (मात्रा के आधार पर) तथा 70% (मूल्य के आधार पर) समुद्री मार्गों से होता है।
  • अकेले प्रमुख बंदरगाह देश के कुल समुद्री माल परिवहन का 53% संभालते हैं।
  • बंदरगाहों के निर्माण एवं रखरखाव में 100% प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) स्वचालित मार्ग के अंतर्गत अनुमत है।

स्रोत: PIB

मिजोरम का प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय भारत का 21वाँ नामित निक्षेपागार(Repository) घोषित

पाठ्यक्रम: GS3/ पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी

सन्दर्भ

  • मिजोरम के प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय को जैव विविधता अधिनियम, 2002 की धारा 39 के अंतर्गत भारत का 21वाँ नामित निक्षेपागार (Designated Repository) अधिसूचित किया गया है।

नामित निक्षेपागार क्या हैं?

  • नामित निक्षेपागार भारत की जैव विविधता शासन व्यवस्था का एक महत्त्वपूर्ण अंग हैं, जो वैज्ञानिक अनुसंधान एवं संरक्षण के लिए प्रमाणित जैविक नमूनों का संरक्षण करते हैं।
  • इन निक्षेपागारों को जैविक सामग्रियों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
  • यदि कोई व्यक्ति किसी नई वर्गिकी इकाई (New Taxon) की खोज करता है, तो उसे नामित निक्षेपागार को इसकी सूचना देनी होती है तथा संबंधित प्रमाण नमूने (Voucher Specimens) जमा करने होते हैं।

महत्व

  • यह घोषणा भारत की राष्ट्रीय जैव विविधता रणनीति एवं कार्य योजना (2024–2030) के राष्ट्रीय जैव विविधता लक्ष्य-4 को आगे बढ़ाती है, जिसका उद्देश्य बाह्य-स्थानीय संरक्षण (Ex Situ Conservation) को सुदृढ़ करना है।
  • यह कुनमिंग–मॉन्ट्रियल वैश्विक जैव विविधता रूपरेखा के लक्ष्य-4 के अनुरूप भी है, जिसका उद्देश्य संकटग्रस्त प्रजातियों का संरक्षण, उनका प्रभावी प्रबंधन तथा आनुवंशिक विविधता बनाए रखना है।

मिजोरम का प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय

  • इसकी स्थापना 2022 में मिजोरम विश्वविद्यालय के तत्वावधान में की गई थी।
  • यह संग्रहालय भारत–बर्मा जैव विविधता हॉटस्पॉट में स्थित है तथा वर्गिकी (Taxonomy) के क्षेत्र में विशेष विशेषज्ञता रखता है।
  • संग्रहालय की फर्न (Pteridophytes), बड़ी कवक प्रजातियों (Macrofungi), पतंगों (Moths), भृंगों (Beetles) तथा अन्य कम अध्ययन किए गए वर्गों में विशेषज्ञता भारत के नामित निक्षेपागारों के नेटवर्क की एक महत्त्वपूर्ण कमी को पूरा करती है तथा क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता के वैज्ञानिक अभिलेखीकरण को सुदृढ़ करती है।

स्रोत: AIR, PIB, PIB 

श्वेत आंत्र रोग (White Gut Disease)

पाठ्यक्रम: जीएस-2/ स्वास्थ्य

सन्दर्भ

  • मत्स्य विभाग ने आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले के झींगा पालन तालाबों में श्वेत आंत्र रोग (White Gut Disease-WGD), जिसे श्वेत मल रोग (White Feces Disease-WFD) भी कहा जाता है, के प्रकोप को लेकर चेतावनी जारी की है।

श्वेत आंत्र रोग का परिचय

  • यह रोग पालित झींगों, विशेषकर प्रशांत श्वेत झींगा (Litopenaeus vannamei) को प्रभावित करता है, जिसका भारत में व्यापक स्तर पर पालन किया जाता है।

लक्षण:

  • झींगा तालाबों में सफेद मल की तैरती हुई डोरियाँ दिखाई देना।
  • झींगे की आंत का रंग बदल जाना।

कारण:

  • यह किसी एक रोगजनक के कारण नहीं होता, बल्कि अनेक कारकों के संयुक्त प्रभाव से उत्पन्न होने वाला रोग है।
  • इसमें रोगजनकों, खराब जल गुणवत्ता, पर्यावरणीय तनाव तथा प्रबंधन संबंधी कमियों की भूमिका होती है।
  • माइक्रोस्पोरिडियन परजीवी: Enterocytozoon hepatopenaei (EHP) (सामान्यतः इससे जुड़ा पाया जाता है)।
  • जीवाणु संक्रमण: मुख्यतः Vibrio प्रजातियाँ।
  • तालाब की खराब स्वच्छता तथा जैविक अपशिष्ट का जमाव।
  • जल गुणवत्ता में गिरावट (अधिक अमोनिया, अधिक नाइट्राइट तथा घुलित ऑक्सीजन का निम्न स्तर)।

स्रोत: TH

फाइनेरेनोन (Finerenone)

पाठ्यक्रम: GS2/ स्वास्थ्य | विविध

चर्चा में क्यों?

  • शोधकर्ताओं ने पाया है कि किडनी (kidneys) के रोग से पीड़ित लोगों द्वारा फाइनेरेनोन लेने से किडनी की कार्यक्षमता अपेक्षाकृत धीमी गति से घटती है।

परिचय

  • फाइनेरेनोन (व्यापारिक नाम Kerendia एवं Lyvelsa) एक गैर-स्टेरॉयडीय मिनरलोकॉर्टिकोइड रिसेप्टर प्रतिरोधी (MRA) औषधि है।
  • इसका उपयोग मुख्यतः किडनी की कार्यक्षमता में गिरावट, किडनी फेलियर तथा हार्ट फेलियर के कारण अस्पताल में भर्ती होने के जोखिम को कम करने के लिए किया जाता है।
  • शरीर में मिनरलोकॉर्टिकोइड रिसेप्टर (MR) की अत्यधिक सक्रियता हृदय(Overactive mineralocorticoid receptors), गुर्दों तथा रक्त वाहिकाओं में सूजन एवं तंतुकरण (Fibrosis/Scarring) उत्पन्न कर सकती है।
  • फाइनेरेनोन इन रिसेप्टरों को अवरुद्ध करके इन अंगों को इस प्रकार की हानिकारक एवं प्रगतिशील क्षति से बचाती है।
  • इसका सबसे सामान्य दुष्प्रभाव हाइपरकैलीमिया (रक्त में पोटैशियम का बढ़ा हुआ स्तर) है।

स्रोत: TH

वैज्ञानिकों ने जेब्रा फिंच पक्षियों के संचार पर ‘कॉलर डूलिटिल चैलेंज अवॉर्ड’ जीता।

पाठ्यक्रम: जीएस-3/ समाचारों में प्रजातियाँ

सन्दर्भ

  • कैलिफ़ोर्निया विश्वविद्यालय की अमेरिकी वैज्ञानिक डॉ. जूली एली को ज़ेब्रा फिंच के पारस्परिक संचार पर किए गए उनके शोध के लिए कोलर डूलिटल चैलेंज पुरस्कार प्रदान किया गया।

जेब्रा फिंच का परिचय

  • ज़ेब्रा फिंच एक छोटा, रंग-बिरंगा गाने वाला पक्षी (Songbird) है, जिसका प्राकृतिक निवास ऑस्ट्रेलिया है।
  • यह इंडोनेशिया तथा पूर्वी तिमोर के कुछ भागों में भी प्राकृतिक रूप से पाया जाता है।
  • इसकी सरल देखभाल, सामाजिक व्यवहार तथा ध्वनि सीखने की क्षमता के कारण यह विश्व में सबसे अधिक अध्ययन की जाने वाली पक्षी प्रजातियों में से एक है।
  • वैज्ञानिक नाम: Taeniopygia guttata
  • कुल (Family): Estrildidae (वैक्सबिल एवं ग्रास फिंच)
  • आवास: घास के मैदान, झाड़ीदार क्षेत्र तथा जल स्रोतों के समीप के क्षेत्र।
  • आईयूसीएन संरक्षण स्थिति: लीस्ट कन्सर्न (Least Concern-LC)

स्रोत: IE

 

Other News of the Day

पाठ्यक्रम: जीएस-2/ अंतर्राष्ट्रीय संबंध सन्दर्भ प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया की आधिकारिक यात्रा की। यात्रा के प्रमुख परिणाम प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति द्वारा इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया” से सम्मानित किया गया। भारत और इंडोनेशिया ने कई महत्त्वपूर्ण रक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें ब्रह्मोस अतिध्वनि क्रूज़...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/ शासन व्यवस्था एवं राजव्यवस्था सन्दर्भ इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने निर्णय दिया है कि कोई भी पर्सनल लॉ (Personal Law), बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 (PCMA) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO) के अंतर्गत बाल विवाह पर लगाए गए प्रतिबंध का उल्लंघन नहीं कर सकती। न्यायालय की प्रमुख टिप्पणियाँ PCMA...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/ शासन | GS3/ ऊर्जा सन्दर्भ सरकार ने मार्च में पश्चिम एशिया संकट के दौरान प्राकृतिक गैस की आपूर्ति पर लगाए गए आपातकालीन प्रतिबंधों को हटा लिया है। पृष्ठभूमि 12 मार्च को केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने संसद में “तात्कालिक प्राथमिकता क्रम (Immediate Priority Sequence)” की जानकारी दी। घरों में पाइप द्वारा...
Read More
scroll to top