आरबीआई अपना स्वर्ण भंडार भारत वापस क्यों ला रहा है? 

पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था

समाचारों में

  • भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की विदेशी मुद्रा भंडार के प्रबंधन पर जारी अर्धवार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, अब वह अपने कुल स्वर्ण भंडार का 84% भारत में रखता है। यह चार वर्ष पूर्व भारत में रखे जाने वाले 39% स्वर्ण भंडार की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।

समाचार से संबंधित प्रमुख तथ्य

  • भारत में रखा गया स्वर्ण: सितंबर 2026 के अंत में भारत में रखे गए स्वर्ण की मात्रा बढ़कर 740.13 टन हो गई, जबकि मार्च 2026 के अंत में यह 680.05 टन थी। आरबीआई के पास कुल 880.52 टन स्वर्ण भंडार है।
  • स्वर्ण की निरंतर वापसी: अक्टूबर 2022 से आरबीआई प्रत्येक वर्ष अधिक मात्रा में स्वर्ण भारत वापस ला रहा है। वित्त वर्ष 2025–26 में रिकॉर्ड 168.06 टन स्वर्ण भारत वापस लाया गया।

विदेशी मुद्रा भंडार

  • विदेशी मुद्रा भंडार से तात्पर्य केंद्रीय बैंक द्वारा विदेशी मुद्राओं एवं स्वर्ण के रूप में रखी गई परिसंपत्तियों से है। इनका उपयोग आयात भुगतान, बाह्य ऋण के पुनर्भुगतान तथा रुपये के मूल्य को स्थिर रखने के लिए किया जाता है।
  • विदेशी मुद्रा भंडार के प्रमुख घटक निम्नलिखित हैं:
    • विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियाँ (सबसे बड़ा घटक)।
    • स्वर्ण।
    • विशेष आहरण अधिकार (SDRs)।
    • अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास आरक्षित निधि का हिस्सा।

स्वर्ण को आरक्षित परिसंपत्ति क्यों माना जाता है?

  • सार्वभौमिक स्वीकार्यता: स्वर्ण को विश्व के सभी देशों में स्वीकार किया जाता है। किसी मुद्रा पर विश्वास कम होने की स्थिति में भी इसका विश्व में कहीं भी विक्रय, विनिमय किया अथवा गिरवी रखा जा सकता है।
  • मूल्य का स्थायी भंडार: स्वर्ण ने सदियों से अपनी क्रय शक्ति बनाए रखी है। इसलिए यह मुद्रास्फीति के विरुद्ध दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करता है।
  • मुद्रा जोखिम से सुरक्षा: डॉलर कमजोर होने अथवा रुपये के मूल्य में गिरावट आने पर सामान्यतः स्वर्ण की कीमतों में वृद्धि होती है। इससे विदेशी मुद्रा भंडार के मूल्य की रक्षा होती है।
  • संकट के समय सुरक्षित निवेश: युद्ध, वित्तीय संकट और महामारी जैसी परिस्थितियों में निवेशक स्वर्ण की ओर प्रवृति करते हैं। इसलिए अन्य परिसंपत्तियों के मूल्य में गिरावट के दौरान भी स्वर्ण का मूल्य बढ़ने की प्रवृत्ति रहती है।
    • उदाहरण: कोविड-19 महामारी तथा पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान स्वर्ण की कीमतें रिकॉर्ड ऊँचाई पर पहुँच गई थीं।
  • विविधीकरण: स्वर्ण की कीमतों में उतार-चढ़ाव का स्वरूप बांड एवं मुद्राओं से अलग होता है। अतः इसे भंडार में शामिल करने से समग्र जोखिम कम होता है।
  • प्रतिबंधों से सुरक्षा: देश में सुरक्षित रखा गया स्वर्ण वैश्विक भुगतान प्रणाली के माध्यम से अन्य देशों द्वारा अवरुद्ध नहीं किया जा सकता, जबकि डॉलर में रखी परिसंपत्तियों के साथ ऐसा संभव है।
  • आपातकाल में संपार्श्विक: आवश्यकता पड़ने पर विदेशी मुद्रा शीघ्र प्राप्त करने के लिए स्वर्ण को गिरवी रखा जा सकता है।
    • उदाहरण: भारत ने वर्ष 1991 में बाह्य भुगतान संबंधी चूक से बचने के लिए स्वर्ण गिरवी रखा था।
  • विश्वास का संकेत: स्वर्ण का बड़ा भंडार वित्तीय सुदृढ़ता का संकेत देता है, जिससे वित्तीय बाजारों एवं ऋण निर्धारण करने वाली संस्थाओं का विश्वास बढ़ता है।
मौद्रिक व्यवस्था में स्वर्ण की भूमिका
स्वर्ण मानक: 20वीं शताब्दी के प्रारंभ तक अनेक देशों की मुद्राओं का विनिमय स्वर्ण की एक निश्चित मात्रा के साथ प्रत्यक्षतः किया जा सकता था।
ब्रेटन वुड्स व्यवस्था (1944–1971): इस व्यवस्था के अंतर्गत अमेरिकी डॉलर का मूल्य 35 डॉलर प्रति औंस स्वर्ण के बराबर निर्धारित किया गया था तथा अन्य मुद्राओं का मूल्य डॉलर से संबद्ध था। वर्ष 1971 में अमेरिका द्वारा डॉलर को स्वर्ण में परिवर्तित करने की व्यवस्था समाप्त करने के साथ यह प्रणाली समाप्त हो गई।
वर्तमान स्थिति: वर्तमान में किसी भी देश की मुद्रा स्वर्ण पर आधारित नहीं है। हालाँकि, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष आधिकारिक विदेशी मुद्रा भंडार में मौद्रिक स्वर्ण को शामिल करता है तथा केंद्रीय बैंक आज भी स्वर्ण के सबसे बड़े धारकों में शामिल हैं।

आरबीआई द्वारा स्वर्ण भंडार का भंडारण कहाँ किया जाता है?

  • आरबीआई अपना स्वर्ण भारत में स्थित अपने स्वयं के सुरक्षित भंडारों तथा विदेशों में बैंक ऑफ इंग्लैंड और अंतरराष्ट्रीय निपटान बैंक (BIS) के पास रखता है।
  • लंदन वैश्विक स्वर्ण बाजार का प्रमुख केंद्र है। इसलिए वहाँ रखा गया स्वर्ण शीघ्रता से बेचा, विनिमय किया अथवा गिरवी रखा जा सकता है।
  • वर्ष 2024 में आरबीआई ने ब्रिटेन से लगभग 100 टन स्वर्ण भारत वापस लाया था। वर्ष 1991 के बाद यह अपनी तरह की सबसे बड़ी वापसी प्रक्रियाओं में से एक थी।

भारतीय परिवारों के पास स्वर्ण

  • निजी स्वर्ण भंडार: अनुमान है कि भारतीय परिवारों के पास 25,000 टन से अधिक स्वर्ण है, जो आरबीआई के स्वर्ण भंडार से कई गुना अधिक है। इसका अधिकांश हिस्सा आभूषणों के रूप में रखा गया है।
  • आयात का भार: भारत अपनी स्वर्ण आवश्यकता का अधिकांश हिस्सा आयात करता है। इससे चालू खाते का घाटा बढ़ता है तथा रुपये पर दबाव पड़ता है।
  • सरकारी योजनाएँ: निष्क्रिय स्वर्ण को औपचारिक वित्तीय व्यवस्था में लाने तथा आयात कम करने के उद्देश्य से वर्ष 2015 में स्वर्ण मुद्रीकरण योजना और सॉवरेन स्वर्ण बांड योजना शुरू की गई थीं।
    • स्वर्ण की बढ़ती कीमतों के कारण उत्पन्न उच्च लागत के चलते वर्ष 2025 में सॉवरेन स्वर्ण बांड के नए निर्गम तथा स्वर्ण मुद्रीकरण योजना के मध्यम एवं दीर्घकालिक जमा विकल्प बंद कर दिए गए।

आरबीआई स्वर्ण भारत वापस क्यों ला रहा है?

  • विदेशी मुद्रा भंडार का राजनीतिक हथियार के रूप में उपयोग: वर्ष 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने रूस के विदेशी मुद्रा भंडार को अवरुद्ध कर दिया था। इससे स्पष्ट हुआ कि विदेशों में रखी गई परिसंपत्तियों को संघर्ष की स्थिति में रोका जा सकता है।
  • अधिक नियंत्रण एवं सुरक्षा: देश में रखा गया स्वर्ण किसी अन्य देश द्वारा अवरुद्ध अथवा जब्त नहीं किया जा सकता। इससे भारत की सामरिक स्वायत्तता को समर्थन मिलता है।
  • वैश्विक प्रवृत्ति: विश्व स्वर्ण परिषद के वर्ष 2026 के सर्वेक्षण के अनुसार, विगत एक वर्ष में 9% केंद्रीय बैंकों ने अपने स्वर्ण के घरेलू भंडारण में वृद्धि की है, जबकि एक वर्ष पहले यह आँकड़ा 5% था।
  • वर्ष 1991 का भुगतान संतुलन संकट: भुगतान संतुलन संकट के दौरान भारत को तत्काल बाह्य भुगतान दायित्वों को पूरा करने तथा विश्वास पुनर्स्थापित करने के लिए बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक ऑफ जापान के पास विदेशों में 67 टन स्वर्ण गिरवी रखना पड़ा था।

प्रमुख चिंताएँ

  • तरलता में कमी: लंदन में रखे स्वर्ण का वैश्विक बाजारों में शीघ्रता से विक्रय, विनिमय किया अथवा गिरवी रखा जा सकता है। इसके विपरीत, भारत में रखा स्वर्ण आपातकालीन परिस्थितियों में अपेक्षाकृत कठिनाई से उपयोग किया जा सकता है।
  • भंडारण एवं सुरक्षा लागत: घरेलू स्वर्ण भंडारों के लिए उच्चस्तरीय सुरक्षा, बीमा और लेखा-परीक्षण की आवश्यकता होती है।
  • कोई प्रतिफल नहीं: बांड के विपरीत स्वर्ण पर ब्याज प्राप्त नहीं होता। इसलिए विदेशी मुद्रा भंडार में स्वर्ण का अनुपात बढ़ने से आय अर्जित करने की क्षमता कम हो सकती है।
  • मूल्य में अस्थिरता: स्वर्ण की कीमतों में तीव्र उतार-चढ़ाव से भंडार की मात्रा में कोई परिवर्तन हुए बिना भी उसके कुल मूल्य में बदलाव हो सकता है।

आगे की राह

  • विविधीकृत विदेशी मुद्रा भंडार: प्रतिफल को प्रभावित किए बिना डॉलर आधारित परिसंपत्तियों के साथ स्वर्ण एवं अन्य मुद्राओं के बीच संतुलन धीरे-धीरे स्थापित किया जाना चाहिए।
  • घरेलू स्वर्ण बाजार का विकास: गिफ्ट सिटी स्थित इंडिया इंटरनेशनल बुलियन एक्सचेंज को सुदृढ़ किया जाना चाहिए, ताकि भारत में रखे गए स्वर्ण का व्यापार अधिक सुगमता से किया जा सके।
  • रुपये का अंतरराष्ट्रीयकरण: दीर्घकाल में डॉलर पर निर्भरता कम करने के लिए रुपये में व्यापारिक लेन-देन एवं भुगतान निपटान का विस्तार किया जाना चाहिए।

स्रोत: IE

 

Other News of the Day

पाठ्यक्रम: GS2/ सामाजिक न्याय संदर्भ डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने बल दिया था कि लोकतंत्र के प्रभावी संचालन के लिए सार्वजनिक अंतःकरण की अवधारणा एक महत्त्वपूर्ण पूर्वापेक्षा है। सार्वजनिक अंतःकरण क्या है? सार्वजनिक अंतःकरण एक सामूहिक नैतिक चेतना है, जो पीड़ित व्यक्ति चाहे कोई भी हो, प्रत्येक अन्याय के विरुद्ध जागृत होती है और लोगों को...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/ राजव्यवस्था और शासन संदर्भ भारत संघ बनाम जे. शेखर (2026) मामले में उच्चतम न्यायालय ने निर्णय दिया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के अंतर्गत निर्णायक प्राधिकरण की प्रत्येक पीठ में संपत्ति की कुर्की की पुष्टि से संबंधित मामलों की सुनवाई के दौरान कम-से-कम एक न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य है। धन...
Read More

पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था संदर्भ संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास (UNCTAD) द्वारा जारी ‘समुद्री परिवहन की समीक्षा, 2026’ के अनुसार, प्रमुख नौवहन मार्गों में व्यवधान के कारण वर्ष 2026 में वैश्विक समुद्री व्यापार के स्थिर रहने की आशंका है। वैश्विक समुद्री व्यापार की प्रवृत्तियाँ समुद्री व्यापार की धीमी वृद्धि: वर्ष 2025 में वैश्विक समुद्री व्यापार में...
Read More

गुरु तेग बहादुर जी पाठ्यक्रम: GS1/प्रमुख व्यक्तित्व चर्चा में क्यों? संस्कृति मंत्रालय ने 26 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के वर्षव्यापी आयोजन के समापन समारोह का आयोजन किया। परिचय गुरु तेग बहादुर का जन्म वर्ष 1621 में अमृतसर में त्याग मल के रूप में हुआ था।...
Read More
scroll to top