पाठ्यक्रम: GS2/ सामाजिक न्याय
संदर्भ
- डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने बल दिया था कि लोकतंत्र के प्रभावी संचालन के लिए सार्वजनिक अंतःकरण की अवधारणा एक महत्त्वपूर्ण पूर्वापेक्षा है।
सार्वजनिक अंतःकरण क्या है?
- सार्वजनिक अंतःकरण एक सामूहिक नैतिक चेतना है, जो पीड़ित व्यक्ति चाहे कोई भी हो, प्रत्येक अन्याय के विरुद्ध जागृत होती है और लोगों को उसके विरुद्ध आवाज उठाने तथा कार्रवाई करने के लिए प्रेरित करती है, भले ही उस अन्याय का उनसे व्यक्तिगत रूप से कोई संबंध न हो।
- व्यक्तिगत अंतःकरण की तरह सार्वजनिक अंतःकरण का संबंध व्यक्तिगत नैतिकता अथवा अपराधबोध से नहीं है। यह उस साझा दायित्व से जुड़ा है, जिसके अंतर्गत सभी लोगों को अन्याय के विरुद्ध खड़ा होना तथा दूसरों के अधिकारों की रक्षा करना चाहिए।
लोकतंत्र के लिए सार्वजनिक अंतःकरण क्यों आवश्यक है?
- अधिकारों का संरक्षण: विधिक एवं संवैधानिक अधिकारों का पर्याप्त संरक्षण तब तक संभव नहीं है, जब तक समाज स्वयं उनका सम्मान न करे।
- यदि सामाजिक चेतना अधिकारों का समर्थन करती है, तो वे अधिक सुरक्षित हो जाते हैं। इसके विपरीत, सामाजिक समर्थन के अभाव में कानून एवं न्यायिक संस्थाएँ भी उनकी रक्षा करने में विफल हो सकती हैं।
- कानून एवं समाज के बीच सेतु: यदि सामाजिक प्रथाएँ एवं दृष्टिकोण कानूनों के क्रियान्वयन के विरुद्ध हों, तो कानून केवल औपचारिक घोषणाएँ बनकर रह सकते हैं। सार्वजनिक अंतःकरण विधायी उद्देश्यों को वास्तविक सामाजिक परिणामों में परिवर्तित करने में सहायता करता है।
- वंचित वर्गों का संरक्षण: यह सुनिश्चित करता है कि वंचित समुदायों के विरुद्ध भेदभाव एवं अन्याय के प्रति समाज उदासीन न रहे, बल्कि सामूहिक रूप से उसका प्रतिरोध करे।
- लोकतांत्रिक मूल्यों का सुदृढ़ीकरण: लोकतंत्र के लिए केवल चुनावों में भागीदारी एवं संस्थागत व्यवस्थाएँ पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि नागरिकों में दूसरों के अधिकारों के प्रति सम्मान की भावना भी आवश्यक है।
बंधुता एवं जाति व्यवस्था
- जाति-आधारित विखंडन: अंबेडकर ने जाति व्यवस्था को सार्वजनिक अंतःकरण के विकास में एक बड़ी बाधा माना था। यह समाज को पदानुक्रम के आधार पर व्यवस्थित विभिन्न समूहों में विभाजित करती है।
- श्रेणीबद्ध असमानता: अंबेडकर ने जाति व्यवस्था को ऐसी पदानुक्रमित संरचना बताया, जिसमें “सम्मान का आरोही क्रम और तिरस्कार का अवरोही क्रम” विद्यमान होता है। यह विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच एकजुटता को कमजोर करता है।
- बंधुता का अभाव: बंधुता के अभाव में लोगों में सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होना कठिन होता है। ऐसी स्थिति में वे अन्य जातियों के सदस्यों के साथ होने वाले अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की संभावना भी कम रखते हैं।
- राजनीतिक संस्थाओं से परे लोकतंत्र: अंबेडकर का मानना था कि सामाजिक लोकतंत्र के बिना राजनीतिक लोकतंत्र प्रभावी ढंग से कार्य नहीं कर सकता। सामाजिक लोकतंत्र का आधार स्वतंत्रता, समता और बंधुता है।
बंधुता विकसित करने का दृष्टिकोण
- बंधुता का विकास दैनिक जीवन के साझा अनुभवों के माध्यम से होता है। जन्म, विवाह, मृत्यु, भोजन तथा अन्य सामाजिक गतिविधियाँ लोगों के बीच पारस्परिक जुड़ाव एवं अपनत्व की भावना उत्पन्न करती हैं।
- केवल समानता का उपदेश देने से बंधुता विकसित नहीं हो सकती। इसके लिए विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच निरंतर संवाद, परस्पर संपर्क एवं सहभागिता आवश्यक है।
- अंबेडकर का मानना था कि धर्म सामाजिक परिवर्तन का एक संभावित साधन हो सकता है, बशर्ते वह अंधविश्वास एवं अलौकिकता के बजाय नैतिक आचरण, बंधुत्व तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के विकास में सहायक हो।
- अंबेडकर ने बौद्ध धर्म को उसके मूल सिद्धांतों के माध्यम से बंधुता विकसित करने वाली एक परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में देखा। इसके प्रमुख सिद्धांत निम्नलिखित हैं:
- प्रज्ञा: समझ एवं तार्किक चिंतन।
- करुणा: दूसरों के प्रति दया एवं संवेदनशीलता।
- मैत्री: मित्रता, सहचर्य एवं बंधुता की भावना।
आगे की राह
- लोकतंत्र को केवल संवैधानिक संरचनाओं तक सीमित न रखकर दैनिक सामाजिक संबंधों तक विस्तारित किया जाना चाहिए, क्योंकि ये संबंध न्याय के प्रति लोगों के दृष्टिकोण को प्रभावित करते हैं।
- बंधुता, सामाजिक सहभागिता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व सार्वजनिक अंतःकरण को सुदृढ़ करते हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि संवैधानिक अधिकारों का सम्मान केवल कानूनों में ही नहीं, बल्कि समाज में भी किया जाए।
स्रोत: IE