पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था
संदर्भ
- सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI), जनवरी 2027 से आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) में व्यापक संशोधन कर रहा है, ताकि अवैतनिक घरेलू कार्य एवं देखभाल संबंधी कार्यों को भी इसमें शामिल किया जा सके। इसके अतिरिक्त, ASUSE 2027–28 में प्रथम बार महिला उद्यमियों के सामने आने वाली बाधाओं से संबंधित प्रश्न शामिल किए जाएँगे।
महिला श्रम बल भागीदारी के बारे में
- अर्थ: 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की उन महिलाओं का अनुपात, जो वर्तमान में कार्यरत हैं अथवा रोजगार की खोज कर रही हैं, महिला श्रम बल भागीदारी (FLFPR) कहलाता है।
- बढ़ती भागीदारी, लेकिन अभी भी निम्न स्तर : सामान्य स्थिति के आधार पर वार्षिक महिला श्रम बल भागीदारी दर लगभग 30% (2019–20) से बढ़कर 40% (2025) हो गई है।
- इस वृद्धि में मुख्य योगदान ग्रामीण महिलाओं का रहा है।
- पुरुष श्रम बल भागीदारी दर लगभग 79% है।
- प्रमुख बाधा: PLFS 2025 के अनुसार, श्रम बल से बाहर रहने वाली 44.4% महिलाओं ने बाल देखभाल अथवा घरेलू कार्यों को इसका प्रमुख कारण बताया।
- इसके विपरीत, अधिकांश पुरुषों ने शिक्षा को श्रम बल से बाहर रहने का प्रमुख कारण बताया।
- आर्थिक विकास की अनिवार्यता : विश्व बैंक के अनुसार, वर्ष 2047 तक उच्च आय वाली अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए महिला श्रम बल भागीदारी दर को बढ़ाकर 50% से अधिक करना आवश्यक है।
सर्वेक्षण में प्रस्तावित संशोधन के अंतर्गत क्या शामिल किया जाएगा?
- 1. आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS): जनवरी 2027 से: 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के व्यक्तियों से निम्नलिखित गतिविधियों के संबंध में प्रश्न पूछे जाएँगे:
- स्वयं के उपयोग के लिए उत्पादन ।
- अवैतनिक घरेलू एवं देखभाल संबंधी कार्य।
- स्वैच्छिक कार्य ।
- अवैतनिक प्रशिक्षु कार्य ।
- विकल्प या बाध्यता : प्राप्त आँकड़ों से यह समझने में सहायता मिलेगी कि महिलाएँ सवेतन रोजगार से बाहर अपनी इच्छा, सामाजिक मान्यताओं अथवा देखभाल संबंधी जिम्मेदारियों के कारण रहती हैं।
- असंगठित क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE): अप्रैल 2027 से: प्रथम बार महिला उद्यमियों द्वारा सामना की जाने वाली लैंगिक विशिष्ट बाधाओं से संबंधित प्रश्न शामिल किए जाएँगे।वर्तमान में लगभग 75% महिला उद्यमी पहले से ही घर से कार्य करती हैं।
- प्लेटफॉर्म आधारित श्रमिक : गिग एवं प्लेटफॉर्म आधारित कार्यों को बेहतर ढंग से दर्ज करने के लिए एक अलग नमूना श्रेणी शामिल की जाएगी।
अवैतनिक देखभाल कार्य का महत्त्व क्यों है?
- समय का अभाव : घरेलू कार्यों में संलग्न महिलाएँ प्रतिदिन लगभग पाँच घंटे घरेलू कार्यों पर व्यतीत करती हैं। इसके अतिरिक्त, वे प्रतिदिन दो घंटे से अधिक समय देखभाल संबंधी गतिविधियों में लगाती हैं।
- अदृश्य आर्थिक मूल्य : अवैतनिक घरेलू एवं देखभाल संबंधी कार्यों को सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की गणना में शामिल नहीं किया जाता है। इसके बावजूद, ये कार्य संपूर्ण अर्थव्यवस्था को अप्रत्यक्ष रूप से सहायता एवं सब्सिडी प्रदान करते हैं।
- मातृत्व दंड : अनेक महिलाएँ विवाह अथवा संतान के जन्म के बाद रोजगार छोड़ देती हैं और उनमें से बहुत कम महिलाएँ दोबारा रोजगार में वापस आ पाती हैं।
- विवशताजन्य कार्य : ग्रामीण क्षेत्रों में महिला श्रम बल भागीदारी में हुई वृद्धि का एक हिस्सा कम वेतन वाले अथवा अवैतनिक पारिवारिक कार्यों के कारण है, न कि बेहतर रोजगार अवसरों के कारण।
चुनौतियाँ एवं चिंताएँ
- बाल देखभाल सुविधाओं की कमी : वर्तमान प्रावधानों के अनुसार, 50 या उससे अधिक कर्मचारियों वाले प्रतिष्ठानों में ही शिशु देखभाल केंद्र की व्यवस्था अनिवार्य है।अधिकांश महिलाएँ असंगठित क्षेत्र में कार्य करती हैं, जहाँ ऐसी सुविधाएँ पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हैं।
- सुरक्षा एवं आवागमन संबंधी बाधाएँ : असुरक्षित परिवहन सुविधाएँ तथा लंबी दूरी की यात्रा शहरी महिलाओं की श्रम बल भागीदारी को सीमित करती हैं। शहरी महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर लगभग 26% है।
- सामाजिक मान्यताएँ : घरेलू एवं देखभाल संबंधी कार्यों को मुख्यतः महिलाओं का दायित्व माना जाता है। घरेलू कार्यों में पुरुषों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम है।
- रोजगार की गुणवत्ता : महिलाएँ मुख्यतः कृषि, घर-आधारित कार्यों तथा कम वेतन वाली सेवा गतिविधियों में केंद्रित हैं।
- मापन संबंधी कमियाँ : महिलाओं द्वारा किए जाने वाले घर-आधारित कार्यों एवं पारिवारिक कार्यों को प्रायः केवल ‘घरेलू कार्यों’ के रूप में दर्ज किया जाता है। इसके कारण उनके वास्तविक आर्थिक योगदान का उचित आकलन नहीं हो पाता।
देखभाल अर्थव्यवस्था: राज्य की जिम्मेदारी या परिवार की
| देखभाल के क्षेत्र में सार्वजनिक निवेश का पक्ष | सार्वजनिक निवेश के प्रति सावधानी के पक्ष में तर्क |
| आर्थिक विकास में योगदान : – अधिक महिलाओं की रोजगार में भागीदारी से GDP तथा घरेलू आय में वृद्धि होती है। – रोजगार सृजन : बाल देखभाल एवं वृद्धजन देखभाल सेवाओं के विस्तार से नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होते हैं, जिनमें अधिकांश अवसर महिलाओं के लिए होते हैं। – वृद्ध होती जनसंख्या: भारत में वृद्धजन जनसंख्या बढ़ने के साथ संगठित देखभाल सेवाओं की आवश्यकता भी बढ़ रही है। – वैश्विक अनुभव : नॉर्डिक देशों तथा जापान ने बाल देखभाल सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से महिला रोजगार भागीदारी बढ़ाने में प्रगति की है। | – राजकोषीय लागत : सार्वभौमिक बाल देखभाल सुविधाएँ उपलब्ध कराना राज्य सरकारों के लिए महँगा सिद्ध हो सकता है। – सांस्कृतिक अनुकूलता : अनेक परिवार घर-आधारित देखभाल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हैं। – व्यक्तिगत विकल्प का महत्त्व : कुछ महिलाएँ स्वयं रोजगार नहीं करना चाहती हैं। इसलिए नीतियों के माध्यम से उन पर रोजगार करने के लिए दबाव नहीं डाला जाना चाहिए। – गुणवत्ता संबंधी जोखिम : उचित नियमन के अभाव में संचालित शिशु देखभाल केंद्र बच्चों के स्वास्थ्य एवं विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। |
आगे की राह
- व्यापक स्तर पर बाल देखभाल सुविधाएँ : आंगनवाड़ी केंद्रों को विस्तारित कार्यावधि के साथ आंगनवाड़ी-सह-शिशु देखभाल केंद्रों में परिवर्तित किया जाना चाहिए। इसके लिए पालना योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाना आवश्यक है।
- सुरक्षित आवागमन एवं आवास : कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावासों की व्यवस्था का विस्तार किया जाना चाहिए। महिलाओं के लिए सुरक्षित बस परिवहन तथा अंतिम छोर तक संपर्क सुविधा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
- लचीली कार्य व्यवस्था : नए श्रम संहिताओं के अंतर्गत अंशकालिक कार्य, दूरस्थ कार्य तथा विभिन्न पालियों में कार्य जैसे विकल्पों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
- घरेलू जिम्मेदारियों का समान वितरण : पुरुषों की घरेलू एवं देखभाल संबंधी जिम्मेदारियों में भागीदारी बढ़ाने के लिए पितृत्व अवकाश को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। घरेलू कार्यों में लैंगिक समानता स्थापित करने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए।
- देखभाल कार्य का आर्थिक मूल्यांकन : PLFS से प्राप्त नए आँकड़ों का उपयोग अवैतनिक घरेलू एवं देखभाल कार्यों के आर्थिक मूल्यांकन के लिए उपग्रह लेखांकन तैयार करने में किया जाना चाहिए। इससे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में महिलाओं के अवैतनिक योगदान का अधिक सटीक आकलन संभव होगा।
स्रोत: IE
Previous article
वन अधिकार अधिनियम, 2006
Next article
संक्षिप्त समाचार 17-11-2026