पाठ्यक्रम: GS2/शासन
संदर्भ
- हाल ही में चीन ने अपने विश्वविद्यालयों में सुधार के लिए 10 वर्षीय एक महत्त्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है।
चीन की उच्च शिक्षा सुधार योजना की प्रमुख विशेषताएँ
- विश्वविद्यालयों का वर्गीकरण: 3,000 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों को उनके प्रमुख उद्देश्यों के आधार पर तीन श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा:
- अनुसंधान-उन्मुख संस्थान: इनका मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण उपलब्धियाँ प्राप्त करना होगा।
- अनुप्रयोग-उन्मुख संस्थान: इन संस्थानों में व्यावहारिक शिक्षा, उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग, तकनीकी नवाचार तथा अनुसंधान के व्यावसायीकरण पर विशेष बल दिया जाएगा।
- कौशल विकास संस्थान: इनका ध्यान रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान करने और आधुनिक औद्योगिक व्यवस्था की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए उच्च कौशल से युक्त पेशेवर तैयार करने पर होगा।
- डिग्री पाठ्यक्रमों का पुनर्गठन: विश्वविद्यालय अपने शैक्षणिक ढाँचे में परिवर्तन कर रहे हैं, ताकि उन्हें उभरती प्रौद्योगिकियों और औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप बनाया जा सके।
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में नए पाठ्यक्रम तीव्रता से शुरू किए जा रहे हैं।
- पारंपरिक पाठ्यक्रमों में कटौती: कई विश्वविद्यालय मानविकी, विदेशी भाषाओं, अनुवाद एवं दुभाषिया संबंधी अध्ययन, फोटोग्राफी और अन्य विषयों के पाठ्यक्रमों को बंद कर रहे हैं या उनमें सीटों की संख्या घटा रहे हैं। इसका कारण इन विषयों और उनसे संबंधित रोजगारों पर तकनीकी बदलावों के संभावित प्रभाव को माना जा रहा है।
सुधारों की आवश्यकता
- स्नातकों में बेरोजगारी: इन परिवर्तनों के पीछे देश में रोजगार बाजार की निरंतर चुनौतीपूर्ण होती स्थिति प्रमुख कारण है। चीन के लगभग 1.3 करोड़ कॉलेज स्नातकों के सामने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के विस्तार और अर्थव्यवस्था की धीमी गति के कारण रोजगार संबंधी दोहरी चुनौती उत्पन्न हो गई है।
- कौशल का असंतुलन : विश्वविद्यालयों से स्नातक होने वाले विद्यार्थियों के अर्जित कौशल और नियोक्ताओं की आवश्यकताओं के बीच अंतर बढ़ रहा है। इसके परिणामस्वरूप युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित हो रहे हैं।
- आर्थिक मंदी: कमजोर आर्थिक गतिविधियों और रियल एस्टेट क्षेत्र में लंबे समय से जारी संरचनात्मक मंदी ने कारोबारी विश्वास को प्रभावित किया है, जिससे कंपनियों में नई भर्तियों की गति धीमी हुई है।
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता के कारण रोजगार में परिवर्तन: विभिन्न उद्योगों में AI का तीव्रता से बढ़ता उपयोग कौशल की मांग को बदल रहा है। इसके कारण कुछ पारंपरिक रोजगार और शैक्षणिक विशेषज्ञताएँ पहले की तुलना में कम प्रासंगिक होती जा रही हैं।
विद्यार्थियों और उच्च शिक्षा पर प्रभाव
- रोजगार की बेहतर संभावनाएँ: इन सुधारों का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करना और उनके रोजगार के अवसरों में वृद्धि करना है।
- उद्योगोन्मुख शिक्षा: व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देने से शैक्षणिक ज्ञान एवं कार्यस्थल की वास्तविक आवश्यकताओं के बीच की खाई कम हो सकती है।
- शैक्षणिक विकल्पों में बदलाव: विद्यार्थियों को तीव्रता से उभरती प्रौद्योगिकियों और औद्योगिक आवश्यकताओं से जुड़े पाठ्यक्रमों को चुनने के लिए अधिक प्रोत्साहित किया जा सकता है।
- मानविकी विषयों को लेकर चिंताएँ: कला, मानविकी और सामाजिक विज्ञान से जुड़े पाठ्यक्रमों में कटौती ने आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता एवं व्यापक बौद्धिक विकास के कमजोर होने की आशंकाएँ उत्पन्न की हैं।
- AI के कारण अनिश्चितता: एक ओर AI से संबंधित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर सकते हैं, वहीं दूसरी ओर प्रौद्योगिकी में तीव्रता से होने वाले परिवर्तन कुछ विशिष्ट कौशलों को भविष्य में अप्रासंगिक भी बना सकते हैं।
निष्कर्ष
- चीन में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सुधार तकनीकी परिवर्तन और श्रम बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था को ढालने की बढ़ती जरूरत को दर्शाते हैं।
- हालाँकि, सबसे बड़ी चुनौती रोजगारोन्मुख शिक्षा को शैक्षणिक विविधता, आलोचनात्मक चिंतन और विद्यार्थियों के समग्र मानवीय विकास के साथ संतुलित बनाए रखने की होगी।
स्रोत: TH
Previous article
संक्षिप्त समाचार 10-11-2026