रक्त में डीएनए के खंड कैंसर की पहचान के संकेतों को सुदृढ़ करते हैं। 

पाठ्यक्रम: GS2/ स्वास्थ्य, GS3/ विज्ञान और प्रौद्योगिकी

संदर्भ

  • अखिल भारतीय स्तर पर किए गए एक नैदानिक अनुसंधान से यह प्रदर्शित हुआ है कि रक्त-आधारित कैंसर जाँच परीक्षण कैंसरस्पॉट एक ही रक्त परीक्षण के माध्यम से कैंसर के अनेक प्रकारों का पता लगाने में सक्षम हो सकता है।

यह परीक्षण कैसे कार्य करता है?

  • परिसंचारी कोशिका-मुक्त डीएनए (cfDNA): कोशिकाएँ स्वाभाविक रूप से डीएनए के छोटे-छोटे खंड रक्तप्रवाह में छोड़ती हैं। कैंसर रोगियों में इन खंडों का कुछ भाग ट्यूमर कोशिकाओं से उत्पन्न होता है, जिनमें कैंसर से संबंधित आनुवंशिक परिवर्तन उपस्थित हो सकते हैं।
  • डीएनए मिथाइलेशन : यह परीक्षण डीएनए मिथाइलेशन के प्रतिरूपों का विश्लेषण करता है। मिथाइलेशन से आशय डीएनए में होने वाले रासायनिक संशोधनों से है, जो जीन की सक्रियता को नियंत्रित करते हैं।
    • सामान्य और कैंसरग्रस्त कोशिकाओं में मिथाइलेशन के प्रतिरूप अलग-अलग होते हैं तथा ये कैंसर की पहचान के संकेत प्रदान कर सकते हैं।
  • कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित विश्लेषण: कृत्रिम बुद्धिमत्ता रक्त के नमूनों में उपस्थित इन प्रतिरूपों का विश्लेषण करके विभिन्न प्रकार के कैंसर से जुड़े संकेतों की पहचान करती है।

कैंसर के बारे में

  • कैंसर बीमारियों का एक समूह है, जिसकी विशेषता असामान्य कोशिकाओं की तीव्र वृद्धि है। ये कोशिकाएँ आसपास के ऊतकों में प्रवेश कर सकती हैं तथा शरीर के अन्य अंगों तक फैल सकती हैं। इस प्रक्रिया को मेटास्टेसिस कहा जाता है, जो कैंसर से होने वाली मृत्यु का प्रमुख कारण है।
  • इसका विकास कई चरणों में होता है तथा यह आनुवंशिक कारकों और बाहरी कारकों से प्रभावित होता है। इनमें भौतिक (जैसे विकिरण), रासायनिक (जैसे तंबाकू, शराब और एस्बेस्टस) तथा जैविक कैंसरकारी कारक (जैसे वायरस और बैक्टीरिया) शामिल हैं।
    • आयु बढ़ने के साथ कैंसर का जोखिम भी बढ़ता है, क्योंकि समय के साथ विभिन्न हानिकारक कारकों के संपर्क में आने की संभावना बढ़ती है तथा कोशिकाओं की मरम्मत करने की क्षमता में कमी आती है।
  • कैंसर के प्रमुख जोखिम कारक 
    • तंबाकू का सेवन: फेफड़ों सहित कई अन्य प्रकार के कैंसर का एक प्रमुख कारण।
    • संक्रमण: ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV), हेपेटाइटिस B एवं C तथा हेलिकोबैक्टर पाइलोरी के संक्रमण।
    • जीवनशैली संबंधी कारक: शराब का सेवन, मोटापा, अस्वास्थ्यकर आहार तथा शारीरिक गतिविधियों का अभाव।
    • पर्यावरणीय कारक: वायु प्रदूषण तथा कैंसरकारी पदार्थों के संपर्क में आना।

कैंसर के बढ़ते भार की स्थिति

  • वर्ष 2024 में विश्व स्तर पर कैंसर के लगभग 2.06 करोड़ नए मामले सामने आए तथा लगभग 98 लाख लोगों की इससे मृत्यु हुई। हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी बीमारियों के बाद कैंसर विश्व स्तर पर मृत्यु का दूसरा प्रमुख कारण है।
  • वर्ष 2024 में एशिया में कैंसर के सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए। विश्व के कुल मामलों में इसकी हिस्सेदारी 50.7% से अधिक रही, जबकि यूरोप में वैश्विक मामलों के 21% होने के कारण कैंसर का असमान रूप से अधिक भार देखा गया।
  • फेफड़ों का कैंसर विश्व स्तर पर कैंसर से होने वाली मृत्यु का प्रमुख कारण बना हुआ है।
    • पुरुषों में फेफड़ों, प्रोस्टेट तथा कोलोरेक्टल कैंसर सबसे सामान्य कैंसरों में शामिल हैं, जबकि महिलाओं में स्तन, फेफड़ों तथा कोलोरेक्टल कैंसर का भार काफी अधिक है।
  • भारत में वर्ष 2024 के दौरान कैंसर के अनुमानित 15.6 लाख नए मामले दर्ज किए गए तथा लगभग 9 लाख लोगों की इससे मृत्यु हुई।

कैंसर नियंत्रण में चुनौतियाँ

  • पर्याप्त जाँच सुविधाओं के अभाव तथा कमजोर निदान अवसंरचना के कारण कैंसर की पहचान में देरी होती है।
  • महँगी दवाइयाँ, रेडिएशन थेरेपी तथा विशेष चिकित्सा प्रक्रियाएँ जेब से होने वाले स्वास्थ्य व्यय (OOPE) को बढ़ाती हैं।
  • विशेषकर विकासशील देशों में कैंसर रोग विशेषज्ञों, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों तथा विशेष कैंसर केंद्रों की कमी है।
  • सीमित बीमा कवरेज एवं सामाजिक सुरक्षा सहायता के अभाव में परिवारों को विनाशकारी स्वास्थ्य व्यय का सामना करना पड़ता है।
  • उन्नत निदान तकनीक, सटीक चिकित्सा तथा नैदानिक परीक्षण की सुविधाएँ मुख्यतः उच्च आय वाले देशों तक सीमित हैं।

भारत द्वारा की गई पहलें 

  • राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्री कार्यक्रम (NCRP): भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के अंतर्गत वर्ष 1982 से संचालित यह कार्यक्रम कैंसर की घटनाओं, भार तथा प्रवृतियों पर निगरानी रख रहा है। यह आँकड़ों के संग्रह एवं विश्लेषण के माध्यम से साक्ष्य-आधारित नीतिगत निर्णय लेने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
  • राष्ट्रीय कैंसर रोकथाम एवं अनुसंधान संस्थान (NICPR): यह गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम (NPCDCS) के अंतर्गत अनुसंधान तथा जाँच संबंधी दिशा-निर्देशों के लिए नोडल संस्थान है।
  • राष्ट्रीय कैंसर ग्रिड (NCG): इसकी स्थापना वर्ष 2012 में पूरे भारत में उच्च गुणवत्ता वाली एवं मानकीकृत कैंसर चिकित्सा सेवाएँ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी।
    • राष्ट्रीय कैंसर ग्रिड, आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के साथ भी समन्वय करता है, ताकि किफायती एवं साक्ष्य-आधारित कैंसर उपचार उपलब्ध कराया जा सके तथा योजना के अंतर्गत उपचार की लागत को सुव्यवस्थित किया जा सके।
  • जागरूकता का प्रसार 
    • भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा संचालित ईट राइट इंडिया अभियान पौष्टिक एवं संतुलित खाद्य विकल्पों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है।
    • जनसंचार माध्यमों, जैसे प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाई जाती है।
    • राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस तथा विश्व कैंसर दिवस के आयोजन के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दिया जाता है।

कैंसर अनुसंधान एवं उपचार को बढ़ावा देना

  • वर्ष 2024 में भारत ने देश में विकसित पहली स्वदेशी CAR-T सेल थेरेपी NexCAR19 का शुभारंभ किया।
  • भारत ने अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया तथा जापान के साथ साझेदारी में वर्ष 2024 में क्वाड कैंसर मूनशॉट पहल शुरू की, जिसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) को समाप्त करने की दिशा में कार्य करना है।
  • वर्ष 2025 में टाटा मेमोरियल सेंटर (TMC) की एक प्रमुख इकाई, उन्नत कैंसर उपचार, अनुसंधान एवं शिक्षा केंद्र (ACTREC) ने कैंसर अनुसंधान, उपचार तथा रोगी देखभाल में व्यापक सुधार लाने के लिए अपने विस्तार की एक महत्त्वपूर्ण पहल शुरू की।

आगे की राह 

  • HPV तथा हेपेटाइटिस B के विरुद्ध टीकाकरण का विस्तार करना तथा तंबाकू नियंत्रण एवं परिवर्तनीय जोखिम कारकों के संबंध में जन-जागरूकता बढ़ाना।
  • जनसंख्या-आधारित कैंसर जाँच कार्यक्रमों तथा निदान संबंधी अवसंरचना को सुदृढ़ करना।
  • आवश्यक कैंसर दवाओं तक पहुँच में सुधार करना तथा वित्तीय सुरक्षा का दायरा बढ़ाना।
  • सार्वजनिक क्षेत्र के कैंसर केंद्रों तथा विशेष ऑन्कोलॉजी (कैंसर चिकित्सा) सेवाओं को सुदृढ़ करना।
  • कैंसर उपचार व्यवस्था में मानसिक स्वास्थ्य सहायता तथा रोगियों की देखभाल करने वाले परिजनों के लिए सहयोगात्मक सेवाओं को एकीकृत करना।

Source: TH

 

Other News of the Day

पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था संदर्भ भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने सूक्ष्म वित्त क्षेत्र में अत्यधिक ऋणग्रस्तता, अनियंत्रित ऋण वितरण तथा ऋण लेने वाले व्यक्तियों की अपर्याप्त सहमति जैसी समस्याओं के समाधान के लिए उत्तरदायी ऋण वितरण पर बल दिया है। सूक्ष्म वित्त क्या है? सूक्ष्म वित्त से आशय कम आय वाले परिवारों तथा सूक्ष्म उद्यमों को...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/ स्वास्थ्य संदर्भ प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (PMBJP) के विस्तार की आवश्यकता दवाओं पर होने वाले अत्यधिक आउट ऑफ़ पॉकेट व्यय(OOPE) को कम करने तथा भारत में किफायती स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच में सुधार करने के दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण हो गई है। प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के बारे में इस योजना की शुरुआत वर्ष...
Read More

पाठ्यक्रम: GS3/ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अर्थव्यवस्था संदर्भ आर्थिक विकास पर संभावित प्रभाव के संदर्भ में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की तुलना भाप इंजन तथा आंतरिक दहन इंजन से की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) का अनुमान है कि AI निकट अवधि में वैश्विक आर्थिक विकास दर में 0.3 प्रतिशत अंक तक तथा मध्यम अवधि...
Read More

सरायकी भाषा  पाठ्यक्रम: GS1/कला एवं संस्कृति चर्चा में क्यों?  पाकिस्तान के एक चिकित्सा छात्र द्वारा प्रस्तुत ध्वनिक संगीत के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पारंपरिक सरायकी लोकगीत ‘छलरे छलरे वाल’ काफी लोकप्रिय हो गया है। सरायकी भाषा की उत्पत्ति यह एक इंडो-आर्यन भाषा है, जो मुख्य रूप से पाकिस्तान के दक्षिणी पंजाब क्षेत्र...
Read More
scroll to top