संक्षिप्त-समाचार-27-11-2026

गुरु तेग बहादुर जी

पाठ्यक्रम: GS1/प्रमुख व्यक्तित्व

चर्चा में क्यों?

  • संस्कृति मंत्रालय ने 26 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के वर्षव्यापी आयोजन के समापन समारोह का आयोजन किया।

परिचय

  • गुरु तेग बहादुर का जन्म वर्ष 1621 में अमृतसर में त्याग मल के रूप में हुआ था। वे छठे गुरु, गुरु हरगोबिंद के सबसे छोटे पुत्र थे।
  • किशोरावस्था में उन्होंने वर्ष 1635 में मुगल सेनाओं के विरुद्ध करतारपुर के युद्ध में भाग लिया। इस युद्ध में उनके असाधारण कौशल के कारण उन्हें ‘तेग बहादुर’ अर्थात् ‘तलवार का धनी एवं वीर’ कहा जाने लगा।
  • उन्हें ‘भारत की ढाल’ कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने दूसरों को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार दिलाने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जबकि वह धर्म उनका अपना धर्म भी नहीं था।
  • गुरु गोबिंद सिंह के दरबारी कवि सेनापति ने उन्हें ‘सृष्टि दी चादर’ अर्थात् मानवता का रक्षक कहा था।

स्रोत: TH

भारत में विटामिन B12 की कमी

पाठ्यक्रम: GS2/स्वास्थ्य

संदर्भ

  • भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, भारत के लगभग दो-तिहाई किशोरों में विटामिन B12 की कमी पाई गई है।

प्रमुख निष्कर्ष

  • किशोर (10–19 वर्ष): 66.1% लड़कों और 65.4% लड़कियों में विटामिन B12 की कमी पाई गई।
  • इस आयु वर्ग में आयरन और फोलेट की तुलना में विटामिन B12 की कमी अधिक गंभीर समस्या है:
    • लड़कियाँ: 65.4% में विटामिन B12 की कमी, 36.3% में आयरन की कमी और 8.6% में फोलेट की कमी पाई गई।
    • लड़के: 66.1% में विटामिन B12 की कमी, 10% में आयरन की कमी और 6.3% में फोलेट की कमी पाई गई।
  • एनीमिया और विटामिन B12 की कमी अलग-अलग समस्याएँ हैं: 46.3% किशोरियों और 22.8% किशोरों में एनीमिया पाया गया, लेकिन दोनों समूहों में विटामिन B12 की कमी का स्तर इससे कहीं अधिक था। किसी व्यक्ति में हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य होने के बावजूद विटामिन B12 की कमी हो सकती है।

विटामिन B12 क्या है और यह क्यों महत्त्वपूर्ण है?

  • यह जल में घुलनशील विटामिन (कोबालामिन) है, जिसका निर्माण मानव शरीर स्वयं नहीं कर सकता। इसकी पूर्ति भोजन के माध्यम से करनी आवश्यक है।
  • यह मुख्यतः पशु-आधारित खाद्य पदार्थों, जैसे दूध, दही, अंडे, मछली और मांस में पाया जाता है। वनस्पति-आधारित खाद्य पदार्थों में इसकी मात्रा लगभग नगण्य होती है। इस कारण शाकाहारी लोगों में इसकी कमी का जोखिम अधिक रहता है।
  • विटामिन B12 डीएनए संश्लेषण, लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण, तंत्रिका तंत्र के सुचारु कार्य तथा मस्तिष्क के विकास के लिए आवश्यक है।

स्रोत:TH

पैकेज्ड खाद्य पदार्थों के लेबल पर उच्चतम न्यायालय का आदेश

पाठ्यक्रम: GS2/शासन व्यवस्था

चर्चा में क्यों?

  • उच्चतम न्यायालय ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने वाले भाग पर पोषण संबंधी लेबलिंग (FOPNL) को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमों को सख्त करने को कहा है, ताकि उपभोक्ता अस्वास्थ्यकर पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की पहचान कर सकें।

पैकेट के सामने वाले भाग पर पोषण संबंधी लेबलिंग (FoPL)

  • पैकेट के सामने वाले भाग पर पोषण संबंधी लेबलिंग (FoPNL) खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर दी जाने वाली पोषण संबंधी जानकारी का चित्रात्मक प्रदर्शन है।
  • यह उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की खरीद के संबंध में सूचित निर्णय लेने तथा अधिक स्वास्थ्यकर आहार विकल्प चुनने में सहायता कर सकती है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा पहचाने गए जोखिम कारक

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन ने गैर-संचारी रोगों के प्रमुख कारणों के रूप में चार व्यवहारगत जोखिम कारकों की पहचान की है:
    1. तंबाकू का सेवन।
    2. संतृप्त वसा, चीनी और नमक की अधिक मात्रा वाले अस्वास्थ्यकर आहार का सेवन।
    3. शराब का अत्यधिक सेवन।
    4. अपर्याप्त शारीरिक गतिविधि।
  • उच्चतम न्यायालय ने उल्लेख किया कि भारत में गैर-संचारी रोगों के कारण प्रतिवर्ष लगभग 60 लाख लोगों की मृत्यु होती है, जो कुल वार्षिक मृत्युओं का लगभग 63% है। अनुमान है कि वर्ष 2030 तक कुल मृत्युओं में इनकी हिस्सेदारी बढ़कर 75% हो जाएगी।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का प्रस्ताव

  • FSSAI ने पहले ही पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के लिए 0.5 से 5 स्टार तक की श्रेणी वाली रेटिंग प्रणाली का प्रस्ताव दिया था। हालाँकि, इसे व्यापक विरोध का सामना करना पड़ा और 14,000 से अधिक सार्वजनिक टिप्पणियाँ चेतावनी लेबल के पक्ष में प्राप्त हुईं।
  • उच्चतम न्यायालय ने प्राधिकरण की बाद की योजनाओं को भी अस्वीकार कर दिया। इन योजनाओं में पैकेट के पिछले भाग पर अनुशंसित दैनिक आहार मात्रा (RDA) के प्रतिशत तथा सामने वाले भाग पर दैनिक पोषण संबंधी सीमाएँ प्रदर्शित करना शामिल था।
  • न्यायालय के अनुसार, ये प्रस्ताव किसी खाद्य उत्पाद से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में स्पष्ट, त्वरित और आसानी से समझ में आने वाली जानकारी प्रदान नहीं करते थे।

उच्चतम न्यायालय के नवीनतम निर्देश

  • चित्रात्मक चेतावनी: षट्कोणीय लेबल में चित्रों के साथ ‘उच्च वसा’, ‘उच्च चीनी’ या ‘उच्च नमक’ जैसे शब्द होने चाहिए, ताकि प्रत्येक व्यक्ति उन्हें आसानी से समझ सके।
  • अलग-अलग चेतावनी लेबल: प्रत्येक चिंताजनक पोषक तत्त्व के लिए अलग षट्कोणीय लेबल होना चाहिए।
    • किसी उत्पाद में चीनी, नमक और वसा की मात्रा के आधार पर एक, दो या तीन चेतावनी लेबल हो सकते हैं।
  • पोषक तत्त्वों का आकलन: चेतावनी निर्धारित करने के मानदंडों में केवल मिलाई गई चीनी और वसा ही नहीं, बल्कि कुल चीनी तथा संतृप्त वसा की मात्रा को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
  • उपयुक्त मानदंड: FSSAI को वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मानक निर्धारित करने चाहिए, ताकि अत्यधिक चेतावनियों के कारण उपभोक्ताओं में चेतावनी के प्रति उदासीनता उत्पन्न न हो और न ही आवश्यक चेतावनियों की संख्या बहुत कम रहे।
  • लेबल का आकार: चेतावनी लेबल स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाले तथा प्रमुख अक्षरों में होने चाहिए। इन्हें पैकेट के प्रदर्शित होने वाले भाग के कम-से-कम 4–5% क्षेत्र में स्थान मिलना चाहिए।
  • पेय पदार्थों की लेबलिंग: जिन पेय पदार्थों में चीनी की मात्रा अधिक नहीं है, उनके श्रेणी-सूचक लेबल उच्च चीनी वाले पेय पदार्थों के चेतावनी लेबल के समान नहीं होने चाहिए।
  • छूट प्राप्त खाद्य पदार्थ: FSSAI को उन ठोस एवं तरल खाद्य पदार्थों की एक व्यापक सूची तैयार करनी चाहिए, जिन्हें लेबलिंग संबंधी इन प्रावधानों से छूट दी जाएगी। इसमें मुख्यतः चीनी, नमक और तेल जैसे एकल घटक वाले खाद्य पदार्थ शामिल होने चाहिए।
  • परिरक्षकों एवं योजकों का उपयोग: FSSAI को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि खाद्य निर्माता चेतावनी लेबल के मूल उद्देश्य को निष्प्रभावी करने के लिए परिरक्षकों एवं खाद्य योजकों का दुरुपयोग न करें।
  • कार्यान्वयन की समय-सीमा: FSSAI को सुझाई गई चार महीने की अवधि के भीतर नियम लागू करने होंगे। साथ ही, संक्रमण अवधि के दौरान दुरुपयोग रोकने के लिए खाद्य उद्योग की निगरानी करनी होगी।

स्रोत: IE

वर्ष 2028 के मध्य तक स्वदेशी ग्राफिक्स प्रसंस्करण इकाई (GPU) विकसित करने का लक्ष्य

पाठ्यक्रम: GS3/विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी

चर्चा में क्यों?

  • उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र (C-DAC) ने वर्ष 2028 के मध्य तक पूर्णतः स्वदेशी ग्राफिक्स प्रसंस्करण इकाई (GPU) विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। साथ ही, बड़े पैमाने पर उत्पादन के लाभों के माध्यम से इसे मूल्य की दृष्टि से प्रतिस्पर्धी बनाने की योजना है।

ग्राफिक्स प्रसंस्करण इकाई (GPU)

  • यह एक विशेष प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक संसाधक है, जिसे ग्राफिक्स, छवि प्रसंस्करण तथा अन्य अधिक आँकड़ा-आधारित संगणकीय कार्यों को तीव्र गति से पूरा करने के लिए तैयार किया जाता है।
  • इसका व्यापक उपयोग कंप्यूटर, स्मार्टफोन, सर्वर तथा अन्य डिजिटल उपकरणों में होता है।
  • यह कंप्यूटर द्वारा एक साथ कई कार्यक्रमों के संचालन में लगने वाले समय को कम करता है।
  • यह मशीन लर्निंग (ML), कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और ब्लॉकचेन जैसी उभरती एवं भविष्य की प्रौद्योगिकियों के लिए एक महत्त्वपूर्ण आधार प्रदान करता है।

भारत की स्थिति

  • भारत एआई मिशन के अंतर्गत जून 2026 तक साझा संगणकीय क्षमता का विस्तार करके 45,000 से अधिक ग्राफिक्स प्रसंस्करण इकाइयाँ (GPU) उपलब्ध कराई गई हैं।
  • अगस्त 2026 तक 237 परियोजनाओं ने रियायती दरों पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता संगणना सुविधाओं का उपयोग किया, जिसके अंतर्गत कुल 93.18 लाख GPU घंटे की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
  • इससे कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रारूपों के विकास, प्रशिक्षण, परीक्षण एवं अनुसंधान के लिए किफायती उच्च-प्रदर्शन संगणना उपलब्ध होती है। इससे भारतीय शोधकर्ताओं, नवोदित उद्यमों और नवाचारकर्ताओं के लिए इस क्षेत्र में प्रवेश की बाधाएँ कम होती हैं।

स्रोत: TH

कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन में सहयोग

पाठ्यक्रम: GS2/अंतरराष्ट्रीय संबंध

चर्चा में क्यों?

  • कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (CSC) ने समुद्री सुरक्षा तथा आतंकवाद एवं कट्टरपंथ का सामना करने के लिए सहयोग करने पर सहमति व्यक्त की है।

कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (CSC)

  • यह वर्ष 2020 में स्थापित एक क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र के देशों के बीच साझा सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग को बढ़ावा देना है।
  • इसमें भारत, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका, बांग्लादेश और सेशेल्स शामिल हैं।
  • इसका उद्देश्य सदस्य देशों से संबंधित सीमापार खतरों एवं चुनौतियों का समाधान करके क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

सहयोग के प्रमुख क्षेत्र

  • समुद्री सुरक्षा एवं संरक्षा।
  • आतंकवाद एवं कट्टरपंथ का सामना करना।
  • मानव तस्करी तथा सीमापार संगठित अपराधों पर रोक लगाना।
  • साइबर सुरक्षा तथा महत्त्वपूर्ण अवसंरचना एवं प्रौद्योगिकी का संरक्षण।
  • मानवीय सहायता एवं आपदा राहत।

स्रोत: IE

बोइता बंदना

पाठ्यक्रम: विविध

चर्चा में क्यों?

  • कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ओडिशा में सूर्योदय के समय बोइता बंदना पर्व मनाया गया।

बोइता बंदना के बारे में

  • ‘बोइता’ का अर्थ नाव और ‘बंदना’ का अर्थ पूजा है। इस प्रकार इसका शाब्दिक अर्थ नावों की पूजा करना है। इसे ‘डोंगा भासा’ भी कहा जाता है।
  • कार्तिक पूर्णिमा के दिन सूर्योदय के समय लोग केले के तने, कागज, कॉर्क या पत्तों से बनी छोटी नावों को दीपक, फूल और सुपारी के साथ जल में प्रवाहित करते हैं।
  • यह अनुष्ठान प्रतीकात्मक रूप से प्राचीन ओडिया नाविकों की समुद्री यात्राओं का पुनर्स्मरण कराता है।
  • यह पर्व पूरे राज्य में मनाया जाता है। कटक का गड़गड़िया घाट और भुवनेश्वर की बिंदुसागर झील इसके प्रमुख आयोजन स्थलों में शामिल हैं।

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि

  • कलिंग का समुद्री व्यापार: प्राचीन कलिंग के दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ व्यापक समुद्री व्यापारिक संबंध थे। इसके प्रमुख बंदरगाहों में ताम्रलिप्ति, पालूर, चेलितालो और माणिकपटना शामिल थे।
  • साधव: पारंपरिक ओडिया समुद्री व्यापारी साधव कहलाते थे। वे वस्तुओं के साथ-साथ सांस्कृतिक परंपराओं का भी आदान-प्रदान करते हुए बाली, जावा, सुमात्रा, बोर्नियो, म्यांमार, स्याम और श्रीलंका जैसे क्षेत्रों की यात्रा करते थे।
  • मौसमी समुद्री यात्राएँ: कार्तिक पूर्णिमा का संबंध अनुकूल मौसमी पवनों से है, जिनकी सहायता से प्राचीन व्यापारी समुद्र पार की यात्राएँ करते थे।

स्रोत: PIB

 

Other News of the Day

पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था समाचारों में भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की विदेशी मुद्रा भंडार के प्रबंधन पर जारी अर्धवार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, अब वह अपने कुल स्वर्ण भंडार का 84% भारत में रखता है। यह चार वर्ष पूर्व भारत में रखे जाने वाले 39% स्वर्ण भंडार की तुलना में दोगुने से भी अधिक है। समाचार से...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/ सामाजिक न्याय संदर्भ डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने बल दिया था कि लोकतंत्र के प्रभावी संचालन के लिए सार्वजनिक अंतःकरण की अवधारणा एक महत्त्वपूर्ण पूर्वापेक्षा है। सार्वजनिक अंतःकरण क्या है? सार्वजनिक अंतःकरण एक सामूहिक नैतिक चेतना है, जो पीड़ित व्यक्ति चाहे कोई भी हो, प्रत्येक अन्याय के विरुद्ध जागृत होती है और लोगों को...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/ राजव्यवस्था और शासन संदर्भ भारत संघ बनाम जे. शेखर (2026) मामले में उच्चतम न्यायालय ने निर्णय दिया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के अंतर्गत निर्णायक प्राधिकरण की प्रत्येक पीठ में संपत्ति की कुर्की की पुष्टि से संबंधित मामलों की सुनवाई के दौरान कम-से-कम एक न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य है। धन...
Read More

पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था संदर्भ संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास (UNCTAD) द्वारा जारी ‘समुद्री परिवहन की समीक्षा, 2026’ के अनुसार, प्रमुख नौवहन मार्गों में व्यवधान के कारण वर्ष 2026 में वैश्विक समुद्री व्यापार के स्थिर रहने की आशंका है। वैश्विक समुद्री व्यापार की प्रवृत्तियाँ समुद्री व्यापार की धीमी वृद्धि: वर्ष 2025 में वैश्विक समुद्री व्यापार में...
Read More
scroll to top