पाठ्यक्रम: GS2/ राजव्यवस्था और शासन
संदर्भ
- भारत संघ बनाम जे. शेखर (2026) मामले में उच्चतम न्यायालय ने निर्णय दिया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के अंतर्गत निर्णायक प्राधिकरण की प्रत्येक पीठ में संपत्ति की कुर्की की पुष्टि से संबंधित मामलों की सुनवाई के दौरान कम-से-कम एक न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य है।
धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002
- इसे धन शोधन की रोकथाम तथा धन शोधन से प्राप्त अथवा उसमें संलिप्त संपत्ति की जब्ती का प्रावधान करने के उद्देश्य से वर्ष 2002 में भारतीय संसद द्वारा संविधान के अनुच्छेद 253 के अंतर्गत अधिनियमित किया गया था।
- पीएमएलए तथा इसके अंतर्गत अधिसूचित नियम वर्ष 2005 से प्रभावी हुए। इसके बाद वर्ष 2009 एवं 2012 में इस अधिनियम में संशोधन किए गए।
- अधिनियम के प्रमुख प्रावधान:
- अपराध से अर्जित आय [धारा 2(1)(u)]: इसके अंतर्गत अनुसूचित अपराध से संबंधित आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से अर्जित या प्राप्त कोई भी संपत्ति तथा ऐसी संपत्ति का समतुल्य मूल्य शामिल है।
- अस्थायी कुर्की [धारा 5]: अधिकृत अधिकारी वैधानिक शर्तों के अधीन अपराध से अर्जित आय होने के संदेह वाली संपत्ति को अधिकतम 180 दिनों की अवधि के लिए अस्थायी रूप से कुर्क कर सकता है।
- निर्णयन [धारा 8]: शिकायत दर्ज होने के बाद निर्णायक प्राधिकरण कारण बताओ नोटिस जारी करता है तथा संबंधित व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का अवसर प्रदान करता है। इसके बाद उपलब्ध सामग्री एवं साक्ष्यों के आधार पर यह निर्णय लिया जाता है कि संबंधित संपत्ति धन शोधन में संलिप्त है या नहीं तथा उसकी कुर्की की पुष्टि की जानी चाहिए या नहीं।
- संपत्ति की जब्ती [धारा 8(5) एवं 8(6)]: मुकदमे की सुनवाई पूरी होने के बाद विशेष न्यायालय कार्यवाही के परिणाम के आधार पर धन शोधन में संलिप्त संपत्ति को केंद्र सरकार के पक्ष में जब्त करने का आदेश दे सकता है।
उच्चतम न्यायालय के प्रमुख निर्देश
- एकल सदस्यीय पीठ की अनुमति: निर्णायक प्राधिकरण एकल सदस्यीय पीठ के माध्यम से कार्य कर सकता है, बशर्ते अंतिम निर्णय देने वाला सदस्य न्यायिक सदस्य हो।
- कारण बताओ नोटिस: न्यायालय ने स्पष्ट किया कि धारा 8(1) के अंतर्गत कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए न्यायिक सदस्य की भागीदारी अनिवार्य नहीं है।
- अध्यक्ष की नियुक्ति: न्यायालय ने स्पष्ट किया कि निर्णायक प्राधिकरण का अध्यक्ष अनिवार्य रूप से न्यायिक सदस्य ही हो, यह आवश्यक नहीं है।
धन शोधन क्या है?
- धन शोधन वह अवैध प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी अथवा आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण जैसे आपराधिक कार्यों से अर्जित बड़ी धनराशि को वैध स्रोतों से प्राप्त धन के रूप में प्रदर्शित किया जाता है।
- आतंकवाद के वित्तपोषण के मामलों में इस धन का उपयोग हिंसक उग्रवादी संगठनों के लिए हथियार एवं गोला-बारूद खरीदने तथा उनके सदस्यों को प्रशिक्षण देने सहित अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
- आपराधिक गतिविधियों से प्राप्त धन को ‘अवैध धन’ माना जाता है। इसे वैध धन के रूप में प्रदर्शित करने की प्रक्रिया को ही धन शोधन कहा जाता है।

धन शोधन के प्रभाव
- कर राजस्व में कमी: अवैध धन को सरकारी प्राधिकारियों से छिपाए जाने के कारण सरकारों को कर संग्रह में अत्यधिक हानि होती है। इससे सार्वजनिक सेवाओं के वित्तपोषण की उनकी क्षमता कमजोर होती है।
- परिसंपत्ति संबंधी कृत्रिम मूल्य वृद्धि: धन शोधन के माध्यम से प्राप्त धन का निवेश प्रायः अचल संपत्ति, स्वर्ण एवं विलासितापूर्ण वस्तुओं में किया जाता है। इससे परिसंपत्तियों की कीमतों में कृत्रिम वृद्धि तथा आर्थिक असमानताएँ उत्पन्न होती हैं।
- निवेश में बाधा: धन शोधन के कारण उत्पन्न अनिश्चितता एवं पारदर्शिता के अभाव से घरेलू और विदेशी निवेश हतोत्साहित होता है।
- आपराधिक नेटवर्क को बढ़ावा: धन शोधन संगठित अपराधों को बनाए रखने में सहायता करता है। इनमें मादक पदार्थों की तस्करी, आतंकवाद एवं मानव तस्करी जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं।
- अंतरराष्ट्रीय प्रभाव: जिन देशों में धन शोधन-रोधी उपाय कमजोर माने जाते हैं, उन्हें वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (FATF) जैसे वैश्विक संगठनों की ओर से प्रतिबंधों अथवा अन्य प्रतिबंधात्मक उपायों का सामना करना पड़ सकता है। इससे उनके अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं व्यापार प्रभावित होते हैं।
धन शोधन से निपटने के लिए भारत द्वारा किए गए उपाय
- वस्तु एवं सेवा कर (GST) के ई-चालान एवं ई-वे बिल: ये आपूर्ति शृंखला में पारदर्शिता को बढ़ावा देते हैं।
- भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C): यह साइबर अपराधों के विरुद्ध कानून प्रवर्तन एवं कार्रवाई को सुदृढ़ करता है।
- केंद्रीय केवाईसी अभिलेख पंजी (CKYCR): यह ग्राहक पहचान संबंधी आँकड़ों एवं अभिलेखों का केंद्रीय भंडार है।
- जाँच एजेंसियाँ: राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) एवं प्रवर्तन निदेशालय (ED) धन शोधन से संबंधित मामलों की प्रभावी जाँच करते हैं।
- वित्तीय आसूचना इकाई–भारत (FIU-IND): यह संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से संबंधित सूचनाएँ प्राप्त करने, उनका प्रसंस्करण एवं विश्लेषण करने तथा संबंधित एजेंसियों तक पहुँचाने के लिए उत्तरदायी केंद्रीय राष्ट्रीय एजेंसी है।
- यह धन शोधन एवं इससे संबंधित अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई के समन्वय के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करती है।
- अंतरराष्ट्रीय सहयोग: भारत वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (FATF), एशिया/प्रशांत धन शोधन निरोधक समूह (APG) तथा विभिन्न देशों के बीच सूचना के आदान-प्रदान, पारस्परिक विधिक सहायता एवं संपत्ति की वसूली से संबंधित व्यवस्थाओं के माध्यम से सहयोग करता है।
स्रोत: TH
Previous article
लोकतंत्र में अंबेडकर की अंतःकरण संबंधी अवधारणा