भारत की उपग्रह विनिर्माण आपूर्ति शृंखला में आयात पर निर्भरता की चुनौती

पाठ्यक्रम: GS3/विज्ञान और प्रौद्योगिकी

संदर्भ

  • भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र (IN-SPACe) की रिपोर्ट ‘भारत में उपग्रह विनिर्माण की आपूर्ति शृंखला का परिदृश्य’ ने उपग्रहों के महत्त्वपूर्ण घटकों के लिए भारत की अत्यधिक आयात निर्भरता को रेखांकित किया है।

रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष

  • आपूर्ति शृंखला का मानचित्रण: रिपोर्ट में उपग्रह विनिर्माण में प्रयुक्त घटकों, सामग्रियों और उपकरणों के 53 भारतीय तथा 162 विदेशी आपूर्तिकर्ताओं की पहचान की गई है।
  • घटकों की उच्च लागत: उपग्रह विनिर्माण की कुल लागत का लगभग 60% हिस्सा इलेक्ट्रॉनिक, विद्युत एवं विद्युत-यांत्रिक घटकों तथा विशिष्ट सामग्रियों पर व्यय होता है। इनमें से अनेक का आयात किया जाता है।
  • सीमित घरेलू क्षमताएँ: निजी क्षेत्र की भागीदारी मुख्यतः संरचनात्मक संयोजनों और प्रणोदन संबंधी घटकों तक सीमित है। उन्नत उपग्रह उप-प्रणालियों के निर्माण में घरेलू क्षमताएँ अभी भी सीमित हैं।
  • खरीद प्रक्रिया में लंबा समय: महत्त्वपूर्ण घटकों की खरीद में प्रायः 12–16 महीने लग जाते हैं। इससे परियोजनाओं में विलंब होता है तथा कंपनियों की उभरते बाजार अवसरों का लाभ उठाने की क्षमता सीमित होती है।
  • परीक्षण संबंधी बुनियादी ढाँचा: सीमित परीक्षण एवं प्रमाणन सुविधाएँ उत्पादों की गुणवत्ता-योग्यता सुनिश्चित करने तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय घटकों की स्वीकार्यता को प्रभावित करती हैं।

भारत का उपग्रह विनिर्माण बाजार

  • समग्र अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था: भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का मूल्य लगभग 9 अरब डॉलर है तथा एक दशक से भी कम समय में इसके बढ़कर 40–45 अरब डॉलर तक पहुँचने का अनुमान है।
  • बाजार का विस्तार: भारत का उपग्रह विनिर्माण क्षेत्र वर्ष 2023 के 8.4 अरब डॉलर से बढ़कर वर्ष 2033 तक 44 अरब डॉलर होने की संभावना है। इसके परिणामस्वरूप वैश्विक उपग्रह विनिर्माण बाजार में भारत की हिस्सेदारी लगभग 8% तक पहुँच सकती है।
  • निजी क्षेत्र का विस्तार: जनवरी 2026 तक भारत में 399 अंतरिक्ष स्टार्टअप कार्यरत थे। यह क्षेत्रीय सुधारों के बाद निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
  • उपग्रह प्रौद्योगिकियों के स्वदेशीकरण में भारत की प्रगति:
    • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और चंडीगढ़ स्थित अर्धचालक प्रयोगशाला (SCL) ने संयुक्त रूप से ‘विक्रम 3201’ विकसित किया है। यह प्रक्षेपण यान संबंधी अनुप्रयोगों के लिए योग्य भारत का पहला पूर्णतः स्वदेशी 32-बिट सूक्ष्मप्रक्रमक है। इसके अतिरिक्त, उच्च विश्वसनीयता वाले अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के लिए ‘कल्पना 32’ नामक एक अन्य प्रक्रमक भी विकसित किया गया है।
    • इसरो ने यात्रा तरंग नलिका प्रवर्धक (TWTAs), परमाणु घड़ियाँ, संयोजक, रिले, हीटर, ताप प्रतिरोधक और क्रिस्टल दोलित्र जैसी स्वदेशी प्रौद्योगिकियाँ विकसित की हैं। इससे महत्त्वपूर्ण उप-प्रणालियों के लिए विदेशी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता कम हुई है।

घरेलू आपूर्ति शृंखला को सुदृढ़ करने का महत्त्व

  • रणनीतिक स्वायत्तता: महत्त्वपूर्ण उपग्रह प्रौद्योगिकियों के लिए विदेशी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता कम होती है तथा भू-राजनीतिक व्यवधानों और आपूर्ति शृंखला संबंधी आघातों के प्रति भारत की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।
  • लागत प्रतिस्पर्धात्मकता: स्वदेशी उत्पादन, मानकीकरण और बड़े पैमाने पर उत्पादन से मिलने वाले लाभों के माध्यम से उपग्रह विनिर्माण की लागत कम की जा सकती है।
  • निर्यात की संभावनाएँ: इससे भारतीय कंपनियाँ केवल संयोजन तक सीमित न रहकर अंतरिक्ष-योग्य घटकों, उपग्रह उप-प्रणालियों और संपूर्ण उपग्रह प्रणालियों के विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।
  • औद्योगिक विकास: इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs), स्टार्टअप, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माताओं, सामग्री आपूर्तिकर्ताओं और विशिष्ट अभियांत्रिकी कंपनियों के लिए नए अवसर सृजित होते हैं।
  • राष्ट्रीय सुरक्षा: संचार, नौवहन, निगरानी और पृथ्वी अवलोकन प्रौद्योगिकियों में स्वदेशी क्षमताएँ सुदृढ़ होती हैं।

निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सरकारी पहलें

  • IN-SPACe की स्थापना (2020): भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन एवं प्राधिकरण केंद्र निजी कंपनियों के लिए एकल खिड़की नियामक एवं सुविधाप्रदाता के रूप में कार्य करता है। यह अंतरिक्ष गतिविधियों में निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्राधिकृत एवं प्रोत्साहित करता है।
  • न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से निगमीकरण (2019): इसकी स्थापना इसरो की वाणिज्यिक शाखा के रूप में की गई थी। इसका उद्देश्य प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, उद्योग के माध्यम से उपग्रहों एवं प्रक्षेपण यानों का विनिर्माण तथा वाणिज्यिक उपग्रह सेवाएँ उपलब्ध कराना है।
  • निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए योजनाएँ: IN-SPACe द्वारा निम्नलिखित पहलें लागू की गई हैं—
    • बीज निधि योजना ।
    • मूल्य निर्धारण सहायता नीति ।
    • मार्गदर्शन सहायता ।
    • गैर-सरकारी संस्थाओं (NGEs) के लिए अभिकल्पना प्रयोगशाला।
    • अंतरिक्ष क्षेत्र में कौशल विकास।
    • इसरो की सुविधाओं के उपयोग हेतु सहायता।
    • गैर-सरकारी संस्थाओं को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण।
  • 1,000 करोड़ रुपये का उद्यम पूँजी कोष: IN-SPACe के अंतर्गत स्थापित इस कोष का उद्देश्य अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी को गति प्रदान करना है।
  • प्रौद्योगिकी अंगीकरण कोष (TAF): IN-SPACe ने 500 करोड़ रुपये के इस कोष की भी शुरुआत की है।
  • अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए उदार प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) नीति: संशोधित नीति के अंतर्गत निम्नलिखित प्रावधान किए गए हैं—
    • उपग्रह विनिर्माण एवं संचालन में 74% तक स्वचालित मार्ग से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति।
    • प्रक्षेपण यानों एवं अंतरिक्ष बंदरगाहों में 49% तक स्वचालित मार्ग से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति।
    • उपग्रह घटकों एवं उप-प्रणालियों के विनिर्माण में 100% स्वचालित मार्ग से प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति।
  • स्पेसटेक नवाचार नेटवर्क (SpIN): यह अंतरिक्ष उद्योग में कार्यरत स्टार्टअप और लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए अपनी तरह का एक विशिष्ट सार्वजनिक-निजी सहयोग मंच है।

आगे की राह

  • लक्षित स्वदेशीकरण: उच्च लागत वाले इलेक्ट्रॉनिक, विद्युत एवं विद्युत-यांत्रिक घटकों तथा विशिष्ट सामग्रियों के घरेलू उत्पादन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
  • साझा परीक्षण सुविधाएँ: स्टार्टअप और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए प्रवेश संबंधी बाधाएँ कम करने हेतु साझा परीक्षण, गुणवत्ता-योग्यता निर्धारण और प्रमाणन संबंधी बुनियादी ढाँचे का विकास किया जाना चाहिए।
  • वैश्विक एकीकरण: भारतीय कंपनियों को वैश्विक अंतरिक्ष आपूर्ति शृंखलाओं से जोड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग, प्रौद्योगिकी साझेदारी और निर्यातोन्मुख विनिर्माण को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

स्रोत: TH

 

Other News of the Day

पाठ्यक्रम: GS2/ सामाजिक न्याय संदर्भ विश्व शौचालय दिवस स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता से आगे बढ़कर कार्यशील एवं गरिमापूर्ण सार्वजनिक शौचालयों तक पहुँच सुनिश्चित करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है, विशेषकर महिलाओं के लिए। विश्व शौचालय दिवस पृष्ठभूमि: वैश्विक स्वच्छता संकट के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सभी के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त स्वच्छता सुविधाओं तक...
Read More

पाठ्यक्रम: GS3/ कृषि और पशुपालन संदर्भ प्रतिवर्ष 26 नवंबर को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय दुग्ध दिवस भारत की श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। भारत में दुग्ध उत्पादन भारत विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है तथा वैश्विक दुग्ध उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 24.76% है।...
Read More

पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था चर्चा में क्यों? अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने अमेरिकी व्यापार अधिनियम, 1974 की धारा 301 के अंतर्गत भारतीय वस्तुओं पर 25% आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिका द्वारा बताए गए कारण अतिरिक्त उत्पादन क्षमता: अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय का दावा है कि भारत की सब्सिडी एवं औद्योगिक नीतियाँ औषधि,...
Read More

राजबंशी भाषा पाठ्यक्रम: GS1/इतिहास एवं GS1/समाज चर्चा में क्यों? पश्चिम बंगाल सरकार ने घोषणा की है कि वह राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की दिशा में प्रयास करेगी। राजबंशी भाषा यह पूर्वी हिंद-आर्य भाषा परिवार की एक भाषा है, जो नेपाल, भारत और बांग्लादेश के कुछ क्षेत्रों में बोली जाती...
Read More
scroll to top