पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था
चर्चा में क्यों?
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने अमेरिकी व्यापार अधिनियम, 1974 की धारा 301 के अंतर्गत भारतीय वस्तुओं पर 25% आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है।

अमेरिका द्वारा बताए गए कारण
- अतिरिक्त उत्पादन क्षमता: अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय का दावा है कि भारत की सब्सिडी एवं औद्योगिक नीतियाँ औषधि, चिकित्सा उपकरण, इस्पात, सौर ऊर्जा और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) क्षेत्रों में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता उत्पन्न करती हैं, जिससे अमेरिकी उत्पादकों और रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
- पाँच प्रमुख आरोप: अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने निम्नलिखित आरोप लगाए हैं—
- सरकार समर्थित औद्योगिक विस्तार योजनाएँ।
- श्रम संबंधी अपर्याप्त संरक्षण।
- वित्तीय दमन।
- बाजार तक पहुँच में लगातार बनी हुई बाधाएँ।
- वैश्विक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता पर अंकुश लगाने में विफलता।
- गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं से संबंध: अमेरिकी अधिकारियों ने भारत के उन क्षेत्रों से जुड़े सुरक्षा जोखिमों पर चिंता व्यक्त है, जो चीन जैसी गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं से प्राप्त कच्चे माल, मध्यवर्ती उत्पादों और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) पर निर्भर हैं।
- सौदेबाजी के दबाव के साधन के रूप में: ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) जैसे विश्लेषकों के अनुसार, 25% दंडात्मक शुल्क और 17% समझौता शुल्क के बीच का अंतर भारत पर अमेरिका की शर्तों के अनुरूप द्विपक्षीय समझौता करने का दबाव बनाने का माध्यम हो सकता है।
अमेरिकी आयात शुल्क का विधिक ढाँचा
| कानून | उद्देश्य एवं वर्तमान उपयोग |
| व्यापार अधिनियम, 1974 की धारा 301 | अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय को विदेशी देशों की ‘अनुचित या भेदभावपूर्ण’ व्यापारिक प्रथाओं के विरुद्ध कार्रवाई करने का अधिकार देती है। 10% शुल्क और प्रस्तावित 25% शुल्क का आधार यही धारा है। |
| व्यापार विस्तार अधिनियम, 1962 की धारा 232 | राष्ट्रपति को राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार पर आयात शुल्क लगाने का अधिकार देती है। इसके अंतर्गत इस्पात और एल्युमीनियम पर वैश्विक स्तर पर 50% शुल्क लगाया गया है। |
| लिंडसे ओ. ग्राहम का रूस एवं ईरान प्रतिबंध अधिनियम, 2026 | रूस से बड़ी मात्रा में तेल खरीदने वाले देशों पर 100% तक शुल्क लगाने की अनुमति देता है। फिलहाल इस पर रोक लगी हुई है। |
| अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियाँ अधिनियम (IEEPA) | अगस्त 2025 में लगाए गए 50% शुल्क का आधार था, जिसे फरवरी 2026 में अमेरिकी उच्चतम न्यायालय ने निरस्त कर दिया। |
भारत के लिए निहितार्थ
- व्यापार पर प्रभाव: अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात बाजार है। भारत ने वित्त वर्ष 2025-26 में अमेरिका को 87.31 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि उसके साथ व्यापार अधिशेष 34.41 अरब डॉलर रहा।
- लाभ मार्जिन पर दबाव: 25% आयात शुल्क से औषधि, इंजीनियरिंग वस्तुओं, वस्त्रों, सौर मॉड्यूल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों की मूल्य प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित होगी। श्रम-प्रधान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSMEs) सबसे अधिक प्रभावित हो सकते हैं।
- द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को अंतिम रूप देने का दबाव: 17% शुल्क की दर पर भारत को वियतनाम (20%) तथा बांग्लादेश एवं इंडोनेशिया (18%) की तुलना में मामूली प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिल सकती है।
- औद्योगिक नीति के लिए जोखिम: अमेरिका की जाँच का सीधा लक्ष्य उत्पादन-संबद्ध प्रोत्साहन (PLI) योजनाएँ तथा सौर ऊर्जा, औषधि और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में आयात प्रतिस्थापन की नीतियाँ हैं।
- आपूर्ति शृंखला की लागत: चीनी आगतों पर निर्भरता कम करने के लिए निर्यातकों को अपनी प्रारंभिक आपूर्ति शृंखलाओं का पुनर्गठन करना पड़ सकता है, जिससे अल्पावधि में लागत बढ़ सकती है।
- समष्टि आर्थिक प्रभाव: निर्यात में कमी से चालू खाता घाटा बढ़ सकता है तथा भारतीय रुपये पर दबाव पड़ सकता है।
भारत की प्रतिक्रिया
- आरोपों को खारिज करना: वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है तथा अमेरिकी नोटिस की जाँच की जा रही है।
- जवाबी कार्रवाई के बजाय वार्ता को प्राथमिकता: भारत चाहता है कि इन चिंताओं का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते से संबंधित वार्ताओं के अंतर्गत किया जाए। इन वार्ताओं की घोषणा 2 फरवरी 2026 को की गई थी तथा इसके बाद 7 फरवरी 2026 को एक संयुक्त वक्तव्य जारी किया गया था।
प्रमुख चिंताएँ
- एकतरफा कार्रवाई: धारा 301 के अंतर्गत लगाए जाने वाले शुल्क विश्व व्यापार संगठन (WTO) की विवाद निपटान व्यवस्था को दरकिनार करते हैं तथा द्विपक्षीय स्तर पर नियंत्रित व्यापार की प्रवृत्ति को पुनर्जीवित करते हैं।
- व्यापार का दबाव के साधन के रूप में उपयोग: विशिष्ट व्यापारिक क्षतियों को दूर करने के बजाय आयात शुल्क का उपयोग तीव्रता से अन्य देशों से रियायतें प्राप्त करने के साधन के रूप में किया जा रहा है।
- नीतिगत अनिश्चितता: कानूनी आधार और शुल्क दरों में बार-बार होने वाले परिवर्तन निर्यातकों एवं निवेशकों के लिए अनिश्चितता उत्पन्न करते हैं।
आगे की राह
- संतुलित द्विपक्षीय व्यापार समझौता: कृषि, डेयरी और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के हितों की रक्षा करते हुए 17% शुल्क की श्रेणी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाना चाहिए।
- तथ्य-आधारित प्रत्युत्तर: 5 जनवरी 2027 से पहले तथा सुनवाई के दौरान क्षेत्रवार आँकड़े प्रस्तुत किए जाने चाहिए। इसका उद्देश्य यह स्पष्ट करना होना चाहिए कि भारत की उत्पादन क्षमता घरेलू बुनियादी ढाँचे की आवश्यकताओं और आपूर्ति शृंखला के विविधीकरण को पूरा करती है, न कि अनुचित रूप से कम कीमत पर निर्यात (डंपिंग) करने के लिए।
- गैर-शुल्क संबंधी बाधाओं का समाधान: द्विपक्षीय कार्यकारी समूहों के माध्यम से मानकों, नियामकीय प्रक्रियाओं और सीमा शुल्क संबंधी बाधाओं का समाधान किया जाना चाहिए।
- निर्यात बाजारों का विविधीकरण: यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA), आसियान और मध्य पूर्व के देशों के साथ व्यापार समझौतों को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाना चाहिए।
- मूल्य शृंखलाओं का सुदृढ़ीकरण: गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं से प्राप्त आगतों पर निर्भरता कम करने के लिए घरेलू स्तर पर प्रारंभिक उत्पादन क्षमता का विकास किया जाना चाहिए।
स्रोत: TH
Previous article
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस