भारत का वस्तु निर्यात 

पाठ्यक्रम: GS3/ अर्थव्यवस्था

समाचारों में 

  • अप्रैल से सितंबर 2026 (वित्त वर्ष 2026–27 की प्रथम छमाही) के दौरान भारत का वस्तु निर्यात 18.5% बढ़कर 259.89 अरब डॉलर हो गया, जिसमें सभी प्रमुख क्षेत्रों में वृद्धि दर्ज की गई। अफ्रीका (44%) एवं एशिया (21%) ने इस विस्तार में अग्रणी भूमिका निभाई।

वित्त वर्ष 2026–27 की प्रथम छमाही में भारत के निर्यात प्रदर्शन का विश्लेषण

  •  समग्र व्यापार : वस्तुओं का निर्यात 259.89 अरब डॉलर तथा सेवाओं का निर्यात अनुमानतः 216.31 अरब डॉलर तक पहुँच गया। इस प्रकार कुल निर्यात 13.8% की वृद्धि के साथ 476.20 अरब डॉलर हो गया।
  • व्यापार घाटा : आयात में निर्यात की तुलना में अधिक वृद्धि होने के कारण वस्तु व्यापार घाटा बढ़कर 177.64 अरब डॉलर हो गया। सेवाओं के व्यापार में 102.71 अरब डॉलर के अधिशेष ने इस घाटे के एक बड़े हिस्से की भरपाई की, किंतु इसके बावजूद समग्र व्यापार घाटा बढ़कर 74.93 अरब डॉलर हो गया।
  • सितंबर में निर्यात में तीव्र वृद्धि : सितंबर में निर्यात 23% बढ़कर 44.40 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 70% तथा इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात में 21% की वृद्धि दर्ज की गई।

प्रमुख रुझान 

  • इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र एक नए विकास इंजन के रूप में : इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में एशिया के लिए 91% तथा यूरोप के लिए 52% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, अमेरिका महाद्वीप के देशों को इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 15.35 अरब डॉलर तक पहुँच गया।
    • यह मोबाइल फोन विनिर्माण के लिए उत्पादन-संबद्ध प्रोत्साहन (PLI) योजना की सफलता को दर्शाता है। वर्ष 2025 में स्मार्टफोन भारत की सबसे बड़ी निर्यात श्रेणी बन गए।
  • अफ्रीका सबसे तीव्र गति से बढ़ता निर्यात बाजार : अफ्रीका को भारत के कुल निर्यात में पेट्रोलियम उत्पादों की हिस्सेदारी लगभग 38% रही। भारत अफ्रीकी देशों की ईंधन संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए एक प्रमुख तेल शोधन केंद्र के रूप में उभर रहा है।
    • तंजानिया (121%) एवं केन्या (101%) को निर्यात में वृद्धि भारत और अफ्रीका के बीच दक्षिण-दक्षिण व्यापारिक संबंधों के बेहतर होने को दर्शाती है।
  •  टैरिफ के बावजूद अमेरिका के साथ व्यापारिक लचीलापन: फरवरी 2026 के अंतरिम समझौते के अंतर्गत 18% टैरिफ लागू होने के बावजूद अमेरिका को भारत के निर्यात में 11% की वृद्धि दर्ज की गई।
  • एशियाई मूल्य शृंखलाओं में बढ़ती भागीदारी : सिंगापुर (103%) एवं मलेशिया (83%) को निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि भारत की आसियान देशों की इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति शृंखलाओं में बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है।
  • इंजीनियरिंग वस्तुओं का बढ़ता महत्त्व : इंजीनियरिंग वस्तुएँ एशिया, अमेरिका महाद्वीप तथा यूरोप को भारत की सबसे बड़ी निर्यात श्रेणी बनी हुई हैं। यह देश के विस्तारित होते विनिर्माण आधार का संकेत है।

महत्त्व 

  • निर्यात बाजारों का विविधीकरण: 24 से अधिक बाजारों में निर्यात वृद्धि से अमेरिका एवं यूरोपीय संघ पर निर्भरता कम करने में सहायता मिलती है। यह वर्ष 2025 के टैरिफ संबंधी आघात से प्राप्त एक महत्त्वपूर्ण सीख है।
  • विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार का संकेत : इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग वस्तुओं के निर्यात में वृद्धि दर्शाती है कि ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अंतर्गत निर्मित उत्पाद वैश्विक बाजारों में अपनी उपस्थिति सुदृढ़ कर रहे हैं।
  • रणनीतिक आर्थिक पहुँच का विस्तार : अफ्रीका एवं लैटिन अमेरिका को निर्यात में वृद्धि भारत की वैश्विक दक्षिण के देशों के साथ साझेदारी को सुदृढ़ करती है।
  • भारतीय रुपये को समर्थन : निर्यात में वृद्धि चालू खाते पर दबाव कम करने तथा रुपये को स्थिरता प्रदान करने में सहायक होती है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में रुपये का मूल्य रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुँच गया था।

प्रमुख चिंताएँ 

  • व्यापार घाटे में वृद्धि : तेल, सोना तथा इलेक्ट्रॉनिक घटकों के आयात के कारण आयात में निर्यात की तुलना में अधिक वृद्धि हुई, जिससे व्यापार घाटा बढ़ गया।
  • कम घरेलू मूल्य संवर्धन : भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात चीन से आयातित घटकों पर निर्भर है। परिणामस्वरूप, निर्यात से प्राप्त शुद्ध विदेशी मुद्रा लाभ, निर्यात के सकल आँकड़ों की तुलना में कम रहता है।
  • पेट्रोलियम निर्यात में मूल्य प्रभाव : पश्चिम एशिया में युद्ध के बाद वैश्विक ईंधन कीमतों में वृद्धि से पेट्रोलियम निर्यात का मूल्य बढ़ा। यदि भविष्य में कीमतों में गिरावट आती है, तो निर्यात वृद्धि की यह प्रवृत्ति सतत नहीं रह सकती।
  • वैश्विक निर्यात में हिस्सेदारी का स्थिर रहना : वैश्विक वस्तु निर्यात में भारत की हिस्सेदारी लगभग 1.7% के आसपास बनी हुई है।
  • संरक्षणवाद में वृद्धि : अमेरिका के टैरिफ, यूरोपीय संघ का कार्बन सीमा समायोजन तंत्र (CBAM) तथा गुणवत्ता मानक निर्यातकों की अनुपालन लागत बढ़ा रहे हैं। इसका विशेष प्रभाव सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) पर पड़ता है।
  • उच्च लॉजिस्टिक्स लागत : भारत में लॉजिस्टिक्स लागत चीन एवं वियतनाम जैसे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में अधिक है, जिससे भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता प्रभावित होती है।

सरकारी पहलें

  • निर्यात संवर्धन मिशन, बजट 2025–26: यह सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के निर्यातकों को ऋण सुविधा, बाजार तक पहुँच तथा नियामकीय अनुपालन संबंधी सहायता प्रदान करता है।
  • विदेश व्यापार नीति, 2023 : इसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक 2 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य प्राप्त करना है। इसमें ई-कॉमर्स निर्यात तथा ‘निर्यात केंद्र के रूप में जिले’ की अवधारणा पर विशेष बल दिया गया है।
  • मुक्त व्यापार समझौते (FTAs): भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (CETA), भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (FTA), यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के साथ व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौता (TEPA) तथा ओमान के साथ व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) भारतीय निर्यातकों के लिए शुल्क-मुक्त बाजार पहुँच का विस्तार करते हैं।
  • RoDTEP एवं RoSCTL योजनाएँ: ये निर्यातित वस्तुओं पर अंतर्निहित करों एवं शुल्कों की प्रतिपूर्ति सुनिश्चित करती हैं।
  • पीएम गतिशक्ति एवं राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति : इनका उद्देश्य लॉजिस्टिक्स लागत में कमी लाना तथा परिवहन एवं आपूर्ति शृंखला की दक्षता में सुधार करना है।

आगे की राह

  • मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देना : घटक विनिर्माण के लिए PLI जैसी योजनाओं के माध्यम से केवल उत्पादों के संयोजन पर निर्भरता कम करके घरेलू स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक घटकों के विनिर्माण को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
  • MSME का निर्यात से एकीकरण : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को आसान निर्यात ऋण, गुणवत्ता प्रमाणन तथा डिजिटल व्यापार मंचों तक बेहतर पहुँच उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
  • मुक्त व्यापार समझौतों का प्रभावी उपयोग : निर्यातकों को मूल स्थान संबंधी नियमों का लाभ उठाकर रियायती शुल्क प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। भारत में मुक्त व्यापार समझौतों के उपयोग की दर अभी भी कम है।
  • नए बाजारों का विस्तार : ऋण सहायता तथा रुपये में व्यापार निपटान की व्यवस्था के माध्यम से अफ्रीका एवं लैटिन अमेरिका के बाजारों में भारत की उपस्थिति को अधिक सुदृढ़ किया जाना चाहिए।
  • सेवाओं एवं वस्तुओं के निर्यात में समन्वय: भुगतान संतुलन को अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सेवाओं के व्यापार अधिशेष को विनिर्मित वस्तुओं के निर्यात के साथ समन्वित किया जाना चाहिए।

निष्कर्ष 

  • भारत का निर्यात आधार विभिन्न क्षेत्रों एवं उत्पाद श्रेणियों में विस्तारित हो रहा है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग वस्तुओं की प्रमुख भूमिका है। हालाँकि, इस वृद्धि को दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में परिवर्तित करने के लिए घरेलू मूल्य संवर्धन, MSME की भागीदारी तथा लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार करना आवश्यक है। साथ ही, भू-राजनीतिक झटकों के प्रति निर्यात क्षेत्र की सहनशीलता एवं अनुकूलन क्षमता को भी सुदृढ़ बनाना होगा।

स्रोत: PIB

 

Other News of the Day

पाठ्यक्रम: GS2/ शासन संदर्भ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने औपचारिक डिग्रियों की तुलना में व्यावहारिक कौशल के महत्त्व पर बल दिया तथा भारत के कुशल कार्यबल को सशक्त बनाने में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITIs) की भूमिका को रेखांकित किया। कौशल विकास की भूमिका जनसांख्यिकीय लाभांश का उपयोग: भारत की 54% से अधिक जनसंख्या 25 वर्ष...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/शासन संदर्भ  केंद्र सरकार द्वारा कराए गए एक मूल्यांकन अध्ययन में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), 2013 के अंतर्गत प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) के लाभार्थियों में 13.2% समावेशन त्रुटि पाई गई है। परिचय समावेशन त्रुटि : यह ऐसी स्थिति है, जब निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा नहीं करने वाले परिवारों को लाभार्थियों...
Read More

पाठ्यक्रम: GS2/स्वास्थ्य/शासन संदर्भ  कठोर पात्रता मानदंडों तथा डिजिटल लक्ष्यों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित किए जाने की हालिया घटनाएँ सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (UHC) के क्रियान्वयन में विद्यमान कमियों को उजागर करती हैं। सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज (UHC) सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज का तात्पर्य ऐसी व्यवस्था से है, जिसमें सभी व्यक्तियों एवं समुदायों को आवश्यक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य...
Read More

सत्रावसान  पाठ्यक्रम: GS2 / शासन  समाचारों में संसद का मानसून सत्र 100 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक सत्रावसित नहीं किया गया है तथा सरकार द्वारा किसी विशेष बैठक की घोषणा भी नहीं की गई है। सत्रावसान संविधान का अनुच्छेद 85 संसद के सदनों के आह्वान एवं सत्रावसान का प्रावधान करता है। ‘प्रोरोग’...
Read More
scroll to top