श्री नारायण गुरु
पाठ्यक्रम: GS1/ व्यक्तित्व
समाचार में
- हाल ही में श्री नारायण गुरु की जयंती मनाई गई।
श्री नारायण गुरु के बारे में (1856–1928)
- इनका जन्म 1856 में केरल के एझावा समुदाय में हुआ था, जो उस समय कठोर जातिगत भेदभाव का सामना कर रहा था।
- वे एक संत, दार्शनिक, और आधुनिक भारत के प्रमुख समाज सुधारकों में से एक थे, जिन्होंने जातिगत उत्पीड़न को चुनौती दी तथा सामाजिक सुधार के मार्ग के रूप में आध्यात्मिक सुधार पर बल दिया।
- श्री नारायण गुरु को अद्वैत वेदांत और सामाजिक न्याय के संदेश को एक साथ जोड़ने के लिए जाना जाता है।
प्रमुख योगदान
- सामाजिक दर्शन: उन्होंने क्रांतिकारी संदेश दिया: “एक जाति, एक धर्म, एक ईश्वर – मानव के लिए”।
- जन्म आधारित जाति व्यवस्था को अस्वीकार किया और श्रम की गरिमा को बढ़ावा दिया।
- संस्थागत निर्माण: श्री नारायण धर्म परिपालना योगम (SNDP) की स्थापना 1903 में की, जिसका उद्देश्य शिक्षा, सामाजिक सशक्तिकरण और सुधार को बढ़ावा देना था।
- अरुविपुरम आंदोलन (1888): उन्होंने स्वयं एक शिव मूर्ति की प्रतिष्ठा की, जिससे मंदिर अनुष्ठानों पर ब्राह्मणों के एकाधिकार को तोड़ा।
- सामान्य लोगों के लिए मंदिर, विद्यालय, और आश्रम बनाए, जहाँ सभी को समान रूप से प्रवेश एवं सेवा का अधिकार था।
- राजनीतिक और सामाजिक आंदोलन: उन्होंने वैकोम सत्याग्रह (1924–25) को नैतिक और वैचारिक समर्थन दिया, जो निम्न जातियों के मंदिर प्रवेश अधिकारों के लिए था।
- शैक्षिक उत्थान: उन्होंने शिक्षा को सशक्तिकरण और उत्थान की नींव माना और इसके प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया।
Source: PIB
ब्लड मून
पाठ्यक्रम: GS1/भूगोल; GS3/अंतरिक्ष
संदर्भ
- हाल ही में एक पूर्ण चंद्र ग्रहण, जिसे सामान्यतः “ब्लड मून” कहा जाता है, जो पुरे विश्व में देखा गया।
चंद्र ग्रहण क्या है?
- चंद्र ग्रहण तब होता है जब पृथ्वी, सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है, जिससे सूर्य की रोशनी सीधे चंद्र सतह तक नहीं पहुँच पाती।
- संरेखण के आधार पर यह पूर्ण (जब चंद्रमा पूरी तरह पृथ्वी की छाया में होता है) या आंशिक हो सकता है।
- सूर्य ग्रहण के विपरीत, इसे नंगी आँखों से सुरक्षित रूप से देखा जा सकता है।
चंद्रमा लाल क्यों दिखता है (ब्लड मून)?
- पूर्ण चंद्र ग्रहण के दौरान, पृथ्वी के वायुमंडल से होकर गुजरने वाली सूर्य की रोशनी प्रकीर्णित हो जाती है।
- रेले प्रकीर्णन (Rayleigh Scattering): नीली रोशनी (छोटी तरंग लंबाई) वायुमंडल में प्रकीर्णित हो जाती है, जबकि लाल/नारंगी रोशनी (लंबी तरंग लंबाई) मुड़कर चंद्रमा की ओर जाती है, जिससे वह लाल रंग में चमकता है।
- लाल रंग की सटीक छाया वायुमंडलीय परिस्थितियों पर निर्भर करती है:
- यदि वातावरण में धूल या प्रदूषण अधिक हो, तो चंद्रमा और भी गहरा लाल दिखाई देता है।
Source: IE
प्रोटीन भाषा मॉडल
पाठ्यक्रम: GS3/ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
समाचार में
- हाल ही में लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (LLMs) के उद्भव ने प्रोटीन अनुसंधान में क्रांतिकारी परिवर्तन ला दिया है — ये सूक्ष्म जैविक तंत्र लगभग प्रत्येक जीवित प्राणी के अंदर होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों में शामिल होते हैं।
प्रोटीन भाषा मॉडल्स के बारे में
- प्रोटीन भाषा मॉडल्स (PLMs) मशीन लर्निंग मॉडल हैं जो प्राकृतिक भाषा प्रसंस्करण (NLP) में प्रयुक्त लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स (LLMs) से अनुकूलित किए गए हैं। इनका उद्देश्य प्रोटीन अनुक्रमों की व्याख्या करना है, जहाँ प्रत्येक अमीनो अम्ल को एक टोकन (शब्द) और पूरे प्रोटीन को एक वाक्य के रूप में माना जाता है।
PLMs के अनुप्रयोग
- दवा खोज (Drug Discovery): प्रोटीन अंतःक्रियाओं की त्वरित पहचान से नई दवाओं के लक्ष्यों की खोज तीव्र होती है।
- वैक्सीन विकास (Vaccine Development): PLMs महत्वपूर्ण वायरल प्रोटीन संरचनाओं की भविष्यवाणी और मॉडलिंग में सहायता करते हैं, जिससे वैक्सीन डिज़ाइन को दिशा मिलती है।
- रोग अनुसंधान (Disease Research): प्रोटीन में होने वाले म्यूटेशन और मिसफोल्डिंग के प्रभाव को समझना अल्ज़ाइमर और कैंसर जैसी बीमारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
- सिंथेटिक बायोलॉजी (Synthetic Biology): वांछित गुणों या कार्यों वाले नवीन प्रोटीन डिज़ाइन करने में सक्षम बनाता है।
Source: IE
परोंडो के विरोधाभास की मूल विशेषताएँ
पाठ्यक्रम: GS3/विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
संदर्भ
- एक नए अध्ययन में वैज्ञानिकों ने परोंडो के विरोधाभास के मूल सिद्धांतों का उपयोग करके कैंसर उपचार की प्रभावशीलता को बढ़ाने का प्रयास किया।
परोंडो का विरोधाभास क्या है?
- विरोधाभास एक ऐसी स्थिति होती है जिसमें परस्पर विरोधी तत्व होते हैं, जो असंभव लगते हैं लेकिन वास्तव में सत्य होते हैं।
- यह सिद्धांत सर्वप्रथम भौतिकी (ब्राउनियन रैचेट्स) में प्रस्तावित हुआ था और बाद में गेम थ्योरी में लाया गया।
- यदि आप दो हारने वाले खेलों को अलग-अलग खेलते हैं, तो आप हमेशा हारते हैं। लेकिन यदि आप उन्हें सही तरीके से मिलाकर या बारी-बारी से खेलें, तो आप वास्तव में जीत सकते हैं।
- उदाहरण: सिक्का उछालने वाले खेलों में, प्रत्येक खेल अकेले हानिकारक होता है, लेकिन यदि उन्हें एक विशेष क्रम में बदला जाए, तो लाभ मिल सकता है।
कैंसर उपचार से संबंध
डॉक्टर कीमोथेरेपी दवाओं को देने के दो मुख्य तरीके अपनाते हैं:
- अधिकतम सहनीय खुराक (MTD): बहुत अधिक मात्रा में दवा दी जाती है, लेकिन लंबे अंतराल पर।
- शुरुआत में यह प्रभावशाली होती है।
- लेकिन कुछ प्रतिरोधी कैंसर कोशिकाएँ बच जाती हैं और बाद में तीव्रता से वृद्धि करती हैं।
- कम-खुराक मेट्रोनोमिक (LDM): लगातार छोटी मात्रा में दवा दी जाती है।
- यह धीरे-धीरे कार्य करती है।
- चिंता: यदि खुराक बहुत कम हो, तो कैंसर बच निकलता है; यदि बहुत अधिक हो, तो प्रतिरोधी कोशिकाएँ शक्तिशाली हो जाती हैं।
- दोनों तरीकों में कमियाँ हैं। अकेले प्रयोग करने पर अंततः दोनों विफल हो जाते हैं।
नया अध्ययन
- वैज्ञानिकों ने MTD और LDM को बारी-बारी से प्रयोग करने का प्रयास किया, और इसके लिए कंप्यूटर मॉडल का उपयोग किया।
- परिणाम
- प्रतिरोधी कोशिकाएँ देर से प्रकट हुईं।
- स्वस्थ कोशिकाएँ अधिक समय तक जीवित रहीं।
- ट्यूमर अधिक समय तक नियंत्रण में रहा।
- यह ठीक उसी तरह है जैसे परोंडो का विरोधाभास, जहाँ दो कमजोर रणनीतियाँ मिलकर एक बेहतर परिणाम देती हैं।
Source: TH
प्रथम इंटरपोल सिल्वर नोटिस
पाठ्यक्रम: GS3/आंतरिक सुरक्षा
संदर्भ
- नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को दिल्ली में लगभग 82 किलोग्राम कोकीन की बरामदगी के मामले में अपना प्रथम इंटरपोल सिल्वर नोटिस प्राप्त हुआ है।
परिचय
- सिल्वर नोटिस इंटरपोल द्वारा जारी किया जाता है ताकि किसी भगोड़े अपराधी द्वारा अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान, स्थान और ट्रैकिंग की जा सके।
- उद्देश्य: अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को बढ़ाकर अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध से लड़ने के लिए अपराध से अर्जित संपत्तियों की खोज और बरामदगी में सहायता करना।
- इंटरपोल ने ‘सिल्वर नोटिस’ को अपने रंग-कोडित नोटिस और डिफ्यूजन की सूची में नवीनतम जोड़ के रूप में शुरू किया है।
- यह एक पायलट परियोजना है जिसमें 52 देश और क्षेत्र भाग ले रहे हैं।
- यह परियोजना कम से कम नवंबर 2025 तक चलेगी। भारत भी इसमें भाग लेने वाले देशों में शामिल है।

- सिल्वर नोटिस और डिफ्यूजन के माध्यम से, सदस्य देश किसी व्यक्ति की आपराधिक गतिविधियों जैसे धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार, मादक पदार्थों की तस्करी, पर्यावरण अपराध और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़ी संपत्तियों के बारे में जानकारी का अनुरोध कर सकते हैं।
इंटरपोल (INTERPOL)
- पूर्ण नाम: इंटरनेशनल क्रिमिनल पुलिस ऑर्गनाइज़ेशन
- प्रकृति: एक अंतर-सरकारी संगठन
- स्थापना: 1923, वियना, ऑस्ट्रिया
- मोटो: “Connecting police for a safer world” (एक सुरक्षित विश्व के लिए पुलिस को जोड़ना)
- मुख्यालय: लियोन, फ्रांस
- सदस्य देश: 196 देश; भारत 1949 से सदस्य है
- शासी निकाय:
- जनरल असेंबली: सभी देशों को हर वर्ष एकत्र करता है और निर्णय लेता है।
- कानूनी स्थिति:
- INTERPOL की अपनी कोई पुलिस बल नहीं है।
- यह गिरफ्तारी नहीं कर सकता, केवल सदस्य देशों की सहायता करता है।
- सभी कार्य राष्ट्रीय कानूनों और सदस्य देशों के सहयोग पर निर्भर करते हैं।

Source: IE
नीलगिरी चाय
पाठ्यक्रम: GS3/ कृषि
संदर्भ
- “चाय की शैंपेन” के लिए प्रसिद्ध नीलगिरी चाय, लंबे समय से संकट का सामना कर रही है क्योंकि छोटे उत्पादकों को हरी चाय की पत्तियों की अस्थिर कीमतों, उच्च उत्पादन लागत और अपर्याप्त संस्थागत समर्थन का सामना करना पड़ रहा है।
नीलगिरी चाय के बारे में
- क्षेत्र: मुख्य रूप से तमिलनाडु के नीलगिरी जिले (पश्चिमी घाट, ब्लू माउंटेंस) में, समुद्र तल से लगभग 900-2,600 मीटर की ऊँचाई पर उगाया जाता है।
- इतिहास: 19वीं शताब्दी के मध्य में अंग्रेजों द्वारा लाया गया (कुन्नूर के आसपास प्रथम बागान, 1850 के दशक में)।
- स्वाद: सुगंधित, तीखा, पुष्प, नींबू जैसा; आइस्ड टी के लिए उपयुक्त।
- भौगोलिक संकेत : 2008 में जीआई टैग प्रदान किया गया।
Source: TH
पापुआ न्यू गिनी
पाठ्यक्रम: GS1/समाचार में स्थान
संदर्भ
- हाल ही में भारतीय नौसेना के स्वदेशी रूप से निर्मित एंटी-सबमरीन वॉरफेयर कॉर्वेट, INS कदमत्त ने पापुआ न्यू गिनी के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान फ्लीट रिव्यू का नेतृत्व किया।
पापुआ न्यू गिनी के बारे में
- यह भूमि क्षेत्र और जनसंख्या के आधार पर प्रशांत द्वीप समूह का सबसे बड़ा देश है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया और ओशिनिया के संगम पर स्थित है।
- यह क्षेत्र भूकंपीय ‘रिंग ऑफ फायर’ के अंतर्गत आता है।
- राजधानी: पोर्ट मोर्सबी
- आधिकारिक भाषाएँ: अंग्रेज़ी, टोक पिसिन (एक क्रियोल भाषा), और हिरी मोटू
- शासन प्रणाली: संसदीय लोकतंत्र, जो कॉमनवेल्थ का भाग है।
- क्षेत्रीय सहयोग: यह फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (FIPIC) जैसे क्षेत्रीय मंचों में एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

भारत और पापुआ न्यू गिनी
- भारत ने यह स्पष्ट किया कि INS कदमत्त की भागीदारी उसके एक्ट ईस्ट नीति के अंतर्गत रणनीतिक पहुँच को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य प्रशांत द्वीप देशों के साथ संबंधों को मजबूत करना है।
- यह भारतीय नौसेना की हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक पसंदीदा सुरक्षा भागीदार के रूप में बढ़ती प्रतिष्ठा को उजागर करता है।
विकास साझेदारी और क्षमता निर्माण
- $100 मिलियन की ऋण रेखा — बुनियादी ढांचे के विकास के लिए।
- कृषि अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवा और आईटी शिक्षा में समझौता ज्ञापन (MoUs)।
- आईटी में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना और UNITECH, Lae में भारतीय अध्ययन के लिए ICCR चेयर की स्थापना।
Previous article
प्रारंभिक पृथ्वी पर RNA-अमीनो एसिड लिंक
Next article
भारत-इज़राइल द्विपक्षीय निवेश समझौता (BIA)